अवैध कच्ची एवं जहरीली शराब के खिलाफ महिलाओं ने बुलन्द की आवाज
- तहसील पहुंचीं पलिया क्षेत्र के ग्राम मुंजहा एवं फुलवरिया की दर्जनों महिलाओं ने एसडीएम को सौंपा मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन

अवैध कच्ची एवं जहरीली शराब के खिलाफ महिलाओं ने बुलन्द की आवाज
– तहसील पहुंचीं पलिया क्षेत्र के ग्राम मुंजहा एवं फुलवरिया की दर्जनों महिलाओं ने एसडीएम को सौंपा मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन

(निर्जेश मिश्र)
पलियाकलां-खीरी। अवैध कच्ची एवं जहरीली शराब के खिलाफ महिलाओं ने आवाज बुलन्द कर दी है। शुक्रवार को तहसील पहुंची दर्जनों महिलाओं ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार को सौंपा।
बता दें कि तहसील क्षेत्र के तमाम गांवों में अवैध कच्ची एवं जहरीली शराब का कारोबार कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है। जहरीली कच्ची शराब के सेवन से असमय लोग काल के गाल में समाते जा रहे हैं। इसके बाद भी क्षेत्र में हो रहे कच्ची शराब के कारोबार पर कोई रोक नहीं लग पा रही है। तमाम घरों के पुरूषों को जहरीली कच्ची शराब की लत लग चुकी है। जिस कारण उन घरों की महिलाएं काफी परेशानी का सामना कर रही हैं। दिन रात शराब का सेवन करने के कारण पुरूषों को अपने परिवारों की कोई चिन्ता नहीं रहती, जिससे पूरे के पूरे परिवार बरबादी की कगार पर पहुंच चुके हैं। अपने घरों की बरबादी को देखते हुए अब महिलाओं ने कच्ची के खिलाफ कमर कस ली है। शुक्रवार को समाजसेविका सविता तिवारी की अगुवाई में क्षेत्र के ग्राम मुंजहा एवं फुलवरिया की दर्जनों महिलाएं तहसील जा पहुंचीं। जहां उन्होंने एसडीएम की अनुपस्थिति में मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि उन लोगों के गांवों में दर्जनों स्थानों पर लोग गन्ने के खेतों एवं जंगलों में अवैध रूप से कच्ची व जहरीली शराब बनाकर खुलेआम बेंच रहे हैं। जिस कारण युवा पीढ़ी पढ़ाई-लिखाई एवं कामकाज छोड़कर जहरीली कच्ची शराब का सेवन करने में लगे हुए हैं, जिससे असमय ही वह मृत्यु को प्राप्त हो रहे हैं। गांवों में बिक रही अवैध कच्ची शराब के ठिकानों पर आवारा शराबी प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। शराब पीकर लोग गांव की महिलाओं एवं युवतियों पर फब्तियां कसते हैं और अश्लील हरकतें करके माहौल को दूषित करते हैं। घर के पुरूष आए दिन घरों में रखे अपनी-अपनी पत्नियों के गहने आदि बेंचकर शराब पी जाते हैं। इसके अलावा शराब पीकर गांव में लड़ाई-झगड़े आदि करते रहते हैं, जिससे पारिवारिक रिश्ते टूटने के साथ शांति व्यवस्था भंग होती है। ज्ञापन में मामले को संज्ञान में लेते हुए अभियान चलाकर जहरीली कच्ची शराब पर प्रतिबन्ध लगाने एवं बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। इस दौरान सुनीता देवी, गीता देवी, शीला देवी, किरन देवी, पुष्पा देवी, विमला देवी एवं सीमा देवी सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।





