लखीमपुर खीरी : ब्राउन शुगर के साथ कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अनमोल गुप्ता गिरफ्तार, 1.25 करोड़ की स्मैक व बाइक बरामद
पॉम रिजार्ट के पास धर दबोचा गया 1.25 करोड़ की स्मैक के साथ कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अनमोल गुप्ता


पलिया कलां खीरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पलिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने पॉम रिजार्ट के पास केले के खेत वाले खड़ंजा मार्ग से एक शातिर अभियुक्त को 610 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही यामाहा R15 मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक पलिया शिवाजी दुबे ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी पलिया के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामजीत यादव और उपनिरीक्षक झारिया सिंह की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने 29 सितंबर की सुबह करीब 06:05 बजे पलिया-दुधवा मार्ग पर घेराबंदी कर अभियुक्त अनमोल गुप्ता पुत्र शिव कुमार उर्फ लाला (उम्र 27 वर्ष), निवासी मोहल्ला बाजार प्रथम, कस्बा व थाना पलिया को धर दबोचा।
अभियुक्त का रहा है लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अनमोल गुप्ता कोतवाली पलिया का हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट, यूपी गैंगस्टर एक्ट, विस्फोटक अधिनियम और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में 9 मामले दर्ज हैं। ताजा बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली पलिया में मु०अ०सं० 292/2026 धारा 8/21 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल (UP-31-AV-4621) को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर अभियुक्त को न्यायालय भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
व०उ०नि० रामजीत यादव, उ०नि० झारिया सिंह, हे०का० अनुज कुमार, का० अतुल त्रिपाठी, का० रामभूल, का० विनीत तेवतिया, का० रविकान्त, म०का० दिव्यांशी गुप्ता एवं म०का० सानिया।





