लखीमपुर खीरी: पलिया में महिला से चैन छीनने वाले 3 शातिर 48 घंटे में गिरफ्तार, सोने की चैन और बाइक बरामद
48 घंटे के भीतर चेन-स्नैचिंग की वारदात का खुलासा, सोने की चेन और बाइक के साथ 3 गिरफ्तार


पलिया में महिला से चैन छीनने वाले 3 शातिर 48 घंटे में गिरफ्तार, सोने की चैन और बाइक बरामद
पलिया कलां खीरी। कोतवाली पलिया पुलिस ने पटिहन क्षेत्र में महिला से हुई चैन-स्नैचिंग की घटना का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने छिनैती की वारदात को अंजाम देने वाले दो अभियुक्तों और लूट का माल खरीदने वाले एक सुनार/खरीददार सहित कुल तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से छीनी गई सोने की चैन, तीन मोबाइल, 590 रुपये भारतीय मुद्रा, 10 रुपये नेपाली मुद्रा और घटना में प्रयुक्त काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP-31-CC-5333) बरामद हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी पलिया के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक शिवजी दुबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रविवार सुबह 07:28 बजे मानफार्म जाने वाले रास्ते पर केले के खेत के पास से तीनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवा (22 वर्ष) निवासी थारुपुरवा/ढाकिन (पलिया), पवन (24 वर्ष) निवासी ढाकिन (पलिया) और छिनैती का माल खरीदने वाले अमरनाथ (23 वर्ष) निवासी नई बस्ती ढाकिन (मूल निवासी कुशीनगर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त शिवा और पवन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिन पर संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
मामले में थाना पलिया पर मु0अ0सं0 288/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। साथ ही मोटरसाइकिल को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर सभी अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पलिया थाना प्रभारी निरीक्षक शिवजी दुबे ने कहा क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए 48 घंटे के भीतर चैन-स्नैचिंग की घटना का सफल अनावरण किया है। घटना में शामिल दो मुख्य अभियुक्तों के साथ लूट का सामान खरीदने वाले तीसरे अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। छीनी गई सोने की चैन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई है। अपराधियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।





