
चोरी की बाइकों के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार

निघासन-खीरी। धौरहरा पुलिस ने बाइक चोरी करके नम्बर प्लेट बदल कर बाइकों का प्रयोग करने वाले दो अभियुक्तों को चोरी के तीन बाइकों के साथ गिरफ्तार किया है।
मंगलवार को थाना धौरहरा पुलिस ने रात्रिगश्त में वाहन चैकिंग के दौरान प्रभाकर उर्फ पिंकू पुत्र स्व. राकेश पाठक निवासी रायपुर थाना खैरीघाट, जिला बहराइच व बिलाल उर्फ शाहबुद्दीन पुत्र उस्मान निवासी कंजड़वा, थाना मोतीपुर, जिला बहराइच को धौरहरा के सिसैय्या तिराहा पर चोरी की बाइक के साथ पकड़ लिया। अभियुक्त उपरोक्त मोटरसाईकिल चोरी करके उस पर फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर चला रहे थे। अभियुक्तों की निशानदेही पर फर्जी नम्बर प्लेट लगी हुई दो अन्य मोटर साईकिलों को भी बरामद किया गया है, बरामद की गयी तीनों बाइकों को अभियुक्तों ने विभिन्न स्थानों से चोरी किया जाना स्वीकारा है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 411,413,414,420,467,468 व 471 के तहत अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की गयी है। प्रभाकर उर्फ पिंकू के पास से एक 12 बोर अवैध देशी तमंचा व दो 12 बोर कारतूस भी बरामद हुए हैं। इस अभियुक्त के विरुद्ध अतिरिक्त शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत कार्रवाई की गयी है। अभियान के दौरान पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामजीत यादव, उपनिरीक्षक योगेश कुमार शंखधार, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल वतन त्यागी व इमरान अली शामिल रहे।





