पुलिस ने एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार, अभियुक्त अनिकेत की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद किया मानसिंह का शव
ग्यारह दिन के बाद मिला मानसिंह का जला हुआ क्षतविक्षत शव

ग्यारह दिन के बाद मिला मानसिंह का जला हुआ क्षतविक्षत शव
– पुलिस ने एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार, अभियुक्त अनिकेत की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद किया मानसिंह का शव


लखीमपुर-खीरी। ग्यारह दिन के बाद पुलिस ने मानसिंह का जला हुआ क्षतविक्षत शरामद कर लिया है। पीड़ित पक्ष से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने एक हत्याभियुक्त को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
बता दें कि जिले थाना भीरा क्षेत्र के ग्राम कटैया निवासी मंजू पत्नी विजयपाल ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें में बताया गया था कि उसका भाई मानसिंह पुत्र प्रेमचन्द गोला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महमदपुर निवासी उसकी बहन उमा देवी पत्नी सत्यराम के पास रहता था। आठ दिसम्बर को सुबह लगभग आठ बजे उसका भाई मानसिंह पलिया में रह रहे अपने सौतेले भाई शिवा के पास जाने के लिए घर से निकला था। पूछने पर उसने बताया था कि उसके सैतेले भाई शिवा ने अपने साथ काम करने एवं रहने के लिए पलिया बुलाया है। उसका सौतेला भाई शिवा पलिया के मोहल्ला ढाकिन में रहता है। पीड़िता ने बताया कि शाम को उसके भाई ने अपनी दोनों बहनों उमा और मंजू से फोन पर बात की और कहा कि मैं शिवा के पास पलिया पहुंच गया हूं। मानिंसह ने शिवा से भी उसकी बात कराई। उसके बाद से शिवा का मोबाइल फोन बन्द आने लगा, जिससे उसकी किसी से भी बात नहीं हो पाई। पीड़िता ने मानसिंह को गायब करने या फिर उसकी हत्या करने की आशंका व्यक्त की थी। ऑनलाइन के अतिरिक्त पीड़िता ने पलिया कोतवाली में भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई करने की मांग की थी, लेकिन पलिया कोतवाली में उसकी तहरीर नहीं ली गई। इस पर उसने गोला कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया। परन्तु उसकी रिपोर्ट वहां भी दर्ज नहीं की गई थी। 18 दिसम्बर सोमवार को मानसिंह की खोज कर रहे भटकते परिजनों ने नीमागांव थाना क्षेत्र में शिवा के मित्र अनिकेत को देखा और डायल 112 नम्बर पर सहयता के लिए फोन किया। डायल 112 पीआरवी पुलिस अनिकेत को थाना नीमगांव लेकर पहुंची। पीड़ित पक्ष के अनुसार अनिकेत ने मानसिंह की हत्या कर उसका शव गौरीफंटा थाना क्षेत्र में जला देने की बात स्वीकार की। नीमगांव थानाध्यक्ष से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अनिकेत को सम्बन्धित थाने को भेजा गया है। अनिकेत की निशानदेही पर मंगलवार को गौरीफंटा पुलिस ने मानसिंह का जला हुआ क्षतविक्षत शव बरामद कर लिया। गौरीफटा प्रभारी निरीक्षक अवधेश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है और अभियुक्तां की तलाश करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बाक्स-
समय से रिपोर्ट दर्ज करती पुलिस तो शायद नहीं होती मानसिंह की हत्या
मानसिंह के गायब होने की रिपोर्ट यदि पुलिस समय रहते दर्ज कर लेती तो शायद मानसिंह आज इस दुनिया में जिन्दा होता। इस मामले में सबसे बड़ी लापरवाही गोला पुलिस की रही। मामला चूंकि गोला कोतवाली क्षेत्र का था। महमदपुर गांव गोला कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत आता है और महमदपुर से ही मानसिंह पलिया के लिए निकला था। इसलिए सर्व प्रथम गोला पुलिस को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करनी चाहिए थी। परन्तु पुलिस ने पीड़िता की फरियाद नहीं सुनी और समय बीतता गया। अन्त में एक दिन ऐसा आया, जिसकी परिजनों को आशंका थी और मानसिंह को इस दुनिया से ही विदा कर दिया गया।





