लखीमपुर खीरी : पलिया पुलिस ने स्मैक और नशीले पाउडर के साथ 2 सगे संबंधी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इनके पास से बरामद नशीले पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी अधिक है


पलिया कलां-खीरी लखीमपुर खीरी पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग द्वारा जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलिया पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) और अल्प्राजोल्म पाउडर बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 79,000 रुपये बताई जा रही है। पलिया थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश में थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त अरमान पुत्र कदीर के पास से 10 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई, वहीं उसके साथी सलमान पुत्र मोहम्मद रफीक के पास से 28 ग्राम नशीला अल्प्राजोल्म पाउडर बरामद किया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पलिया के मोहल्ला बरबण्डा के निवासी हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। अभियुक्त सलमान पर पूर्व में पॉक्सो एक्ट और अपहरण जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है, जबकि अरमान पर भी मारपीट और गाली-गलौज के मामले दर्ज हैं। पलिया पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मु.अ.सं. 108/2026 के तहत 8/21 NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने कागजी कार्यवाही पूरी कर दोनों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया है। इस सफल बरामदगी और गिरफ्तारी में व.उ.नि. रामजीत यादव, म.उ.नि. निशा शुक्ला, हे.का. जयप्रकाश यादव, हे.का. अनुज कुमार गोलियान, का. अतुल त्रिपाठी और का. रामभूल वर्मा की मुख्य भूमिका रही।





