सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नहीं हो पा रही है धान की खरीद
- नवीन मण्डी स्थल पलिया में स्थापित हैं धान खरीद के नौ सेंटर, कुछ केद्रों के केन्द्र प्रभारी रहते हैं नदारद, खरीद केन्द्र पर उड़ रही धूल

सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नहीं हो पा रही है धान की खरीद
– नवीन मण्डी स्थल पलिया में स्थापित हैं धान खरीद के नौ सेंटर, कुछ केद्रों के केन्द्र प्रभारी रहते हैं नदारद, खरीद केन्द्र पर उड़ रही धूल


पलियाकलां-खीरी। सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार धान की खरीद नहीं हो पा रही है। माना कि पलिया क्षेेत्र में धान की उपज इस बार कम होने के कारण लक्ष्य पूरा होना संभव नहीं है, लेकिन इस लक्ष्य को पूरा करने में कुछ केन्द्र प्रभारी भी कम जिम्मेदार नहीं हैं। क्योंकि धान खरीद केन्द्रों के कुछ केन्द्र प्रभारी नदारद रहते हैं और खरीद केन्द्रों पर धूल उड़ती नजर आ रही है। जिस वजह से धान खरीद का लक्ष्य पूरा होना संभव नहीं है।
बता दें कि धान खरीद का लक्ष्य पूरा करने के उद्देश्य से स्थानीय नवीन मण्डी स्थल में नौ खरीद केन्द्र स्थापित कराए गए हैं। नौ केन्द्रों में से कुछ ही केन्द्रों पर खरीद की जा रही है। वाकी केन्द्रों के केन्द्र प्रभारी अपने-अपने केन्द्रों पर मौजूद नहीं रहते है। खरीद केन्द्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और धूल उड़ती नजर आ रही है। मण्डी परिसर में आरएफसी के चार खरीद केन्द्र स्थापित किए गए हैं, लेकिन तीन केन्द्रों के प्रभारी केन्द्र पर मौजूद नहीं मिले। मौके पर मौजूद केन्द्र प्रभारी आदित्य सिंह ने जानकारी देतेे हुए बताया कि उनके केन्द्र को 22500 कुतल धान खरीद का लक्ष्य सौंपा गया है, जिसमें से लगभग 5500 कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। वाकी आरएफसी के तीन केन्द्रों के प्रभारियों के मौजूद न होने की वजह से कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके अलावा परिसर में पीसीयू के तीन केन्द्र्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से दो केन्द्र प्रभारी धीरेन्द्र सिंह व अनीस कुमार मौजूद थे। धीरेन्द्र सिंह व अनीस कुमार ने बताया कि पीसीयू के प्रत्येक केन्द्र को 15000 कुंतल धान खरीद करने का लक्ष्य सौंपा गया है। बताया कि पीसीयू का एक केन्द्र चंदनचौकी में भी स्थापित किया गया है। चारों केन्द्रों पर अभी तक कुल 5329 कुंतल धान खरीदा गया है। एक ओर जहां सरकार द्वारा धान खरीद के लक्ष्य को पूरा करने के लिए मण्डी परिसर में नौ केन्द्र स्थापित किए गए हैं, वहीं पीसीएफ धान खरीद केन्द्र पर सन्नाटा पसरा हुआ है। यहां केवल बैनर टंगा हुआ था और केन्द्र प्रभारी राधेश्याम नदारद थे। जानकारी करने पर पता चला है कि पीसीएफ धान खरीद केन्द्र पर अभी तक मात्र साढ़े तीन सौ कुतल धान की खरीद हो सकी है। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के खरीद केन्द्र पर अब तक कुल 334.80 कुंतल धान की खरीद हो सकी। माना कि धान खरीद का लक्ष्य पूरा होना संभव नहीं है, लेकिन केन्द्र प्रभारी यदि ईमानदारी से कार्य करें और अपने-अपने केन्द्रों पर मौजूद रहें तो निश्चित रूप से निर्धारित लक्ष्य के आसपास पहुंचा जा सकता है। परन्तु केन्द्र प्रभारियों की लापरवाही के कारण लक्ष्य पूरा होना किसी भी कीमत में संभव नहीं है। इसके अलावा सम्बन्धित अधिकारी भी केन्द्रों का निरीक्षण नहीं करते हैं। यदि समय-समय पर केन्द्रों का निरीक्षण होता रहे तो केन्द्र प्रभारी ईमानदारी से कार्य करेंगे और केन्द्रों पर मौजूद भी रहेंगे।





