लखीमपुर खीरी : सादे भोजन पर गहरा प्रेम, पलिया के थारू क्षेत्र में कार्यकर्ता के घर पहुँचे कांग्रेस के दिग्गज
कार्यकर्ता रामचंद्र प्रधान के आवास पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, और विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' पहुँचे।


पलिया कलां खीरी। राजनीति में अक्सर बड़े मंच और भाषणों की चर्चा होती है, लेकिन शनिवार को खीरी जिले की पलिया विधानसभा के एक गांव में सामाजिक समरसता की एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने प्रोटोकॉल और पद की गरिमा से परे हटकर एक साधारण कार्यकर्ता के आंगन में बैठकर ‘अपनत्व की थाली’ सजाई।
थारू जनजाति क्षेत्र में कांग्रेस के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता रामचंद्र प्रधान के आवास पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, और विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ पहुँचे। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष किसान कांग्रेस बृज मौर्या भी उपस्थित रहे।
नेताओं ने रामचंद्र प्रधान के परिवार के साथ बैठकर सादा, सात्विक और पारंपरिक ग्रामीण भोजन ग्रहण किया। इस दौरान वातावरण किसी राजनीतिक बैठक जैसा नहीं, बल्कि एक पारिवारिक मिलन जैसा नजर आया।

भोजन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने परिवार के सदस्यों और बच्चों से सीधा संवाद किया। नेताओं ने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और उन्हें जीवन में उच्च लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
अविनाश पांडेय ने बच्चों को समाज और राष्ट्र के लिए एक उपयोगी नागरिक बनने की सीख दी।
अजय राय और आराधना मिश्रा ने ग्रामीण जीवन की सादगी की सराहना करते हुए कहा कि भारत की असली सांस्कृतिक शक्ति इन्हीं गांवों और इन परिवारों के संस्कारों में निहित है।
इस यात्रा को कांग्रेस द्वारा अपने जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और थारू जनजाति क्षेत्र से जुड़ाव बढ़ाने के एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। नेताओं का एक साधारण कार्यकर्ता के घर जाकर भोजन करना मानवीय मूल्यों और आपसी अपनत्व का जीवंत उदाहरण बन गया है।
ग्रामीणों के बीच चर्चा रही कि इतने बड़े कद के नेताओं का उनके बीच इस सहजता से बैठना राजनीति में सामाजिक समरसता को और मजबूती प्रदान करता है।





