सरियापारा और मसानखम्भ पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा
कल्याणकारी योजनाओं को विकसित भारत संकल्प यात्रा से मिली गति व जनसमर्थन, सामूहिक प्रयास से ही साकार होगा विकसित भारत का संकल्प: डीपीओ

सरियापारा और मसानखम्भ पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा
– कल्याणकारी योजनाओं को विकसित भारत संकल्प यात्रा से मिली गति व जनसमर्थन, सामूहिक प्रयास से ही साकार होगा विकसित भारत का संकल्प: डीपीओ

लखीमपुर-खीरी। जनजातीय क्षेत्र के लिए संचालित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थी तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को नोडल अधिकारी डीपीओ भारत प्रसाद की अगुवाई में विकसित भारत संकल्प यात्रा शनिवार को ब्लॉक पलिया के जनजातीय गांव सरियापारा और मसानखम्भ पहुंची। जहां सूचना, संचार व शिक्षा की त्रिवेणी बना आईईसी रथ का जनजातीय समाज ने पारंपरिक रूप से जोरदार स्वागत किया।
नोडल अधिकारी ने विकसित भारत के निर्माण में जनजाति समुदाय के अग्रसर रहने के पीएम संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के कल्याण और विकास के बिना विकसित भारत का संकल्प पूरा नहीं हो सकता। जनजाति समाज के साथ विश्वास और सामूहिक प्रयास से ही विकसित भारत का संकल्प साकार हो पाना सम्भव है। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचे। जिसे साकार करने में यह यात्रा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। संकल्प यात्रा का उद्देश्य सर्वप्रथम वंचित लोगों को सरकार की योजनाओं से आच्छादित करने का है। उसके बाद वंचित समुदायों औऱ प्रत्येक व्यक्ति तक योजनाओं से संतृप्ति करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना अधिकारी यूके सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनजातीय क्षेत्र के हरित और समग्र विकास सहित समुदाय के इतिहास, अस्मिता और विरासत को दुनिया के समक्ष उजागर करने के आयाम स्थापित किए हैं। वहीं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू कर प्रधानमंत्री ने पूरे जनजातीय समुदाय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने जनजाति समुदाय के उत्कर्ष और उन्नति के लिए लगातार कार्यरत प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने का आह्वान करते हुए अनुरोध किया कि जिस तरह आजादी की लड़ाई में योगदान देने को आदिवासी आगे आए थे, उसी तरह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संकल्प यात्रा से जुड़ने के लिए भी आगे आएं। उन्होंने दृढ़ विश्वास दिलाया कि जनजाति समाज के साथ विश्वास और सामूहिक प्रयास से ही विकसित भारत का संकल्प साकार हो पाएगा।
बाक्स-
अधिकारियों ने दिलाई जनजाति समाज को विकसित भारत की प्रतिज्ञा
शनिवार को तय रोस्टर के अनुसार सरियापारा और मसानखम्भ गांवों में बड़ी संख्या में मौजूद जनजाति समाज के लोगों को डीपीओ व परियोजना अधिकारी ने संयुक्त रूप से विकसित भारत की प्रतिज्ञा दिलाई। कार्यक्रम में लोक कल्याणकारी योजनाओं से लोगो को वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री के संदेश को भी प्रसारित कर अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभान्वित किया। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हित पत्र भी प्रदान किए। चयनित लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। अभियान के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं पर साहित्य का वितरण किया गया। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि यह यात्रा व्यापक स्तर पर पहुंच बनाने के साथ-साथ सूचना-प्रसार और देश के विकास में सक्रिय हितधारक बनने के लिए नागरिकों को सशक्त बनाने हेतु इस उद्देश्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 19 नवंबर को दिवस नोडल अधिकारी के नेतृत्व में विकसित भारत संकल्प यात्रा जनजातीय क्षेत्र ढ़किया एवं पिपरौला पहुंचेगी। जहां उसका स्वागत होगा। अधिकारियों की पूरी टीम दोनों गांवों में दस्तक देकर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से जोड़ने के लिए दृढ़ संकल्पित होकर काम करेगी।







