राजापुर मंडी पहुंचे डीएम व एसपी ने धान क्रय केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण
- निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधीनस्थों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

राजापुर मंडी पहुंचे डीएम व एसपी ने धान क्रय केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण
– निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधीनस्थों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

लखीमपुर-खीरी। शनिवार को राजापुर मण्डी पहुंचे डीएम महेन्द्र बहादुर सिंह व एसपी गणेश प्रयाद साहा ने घान क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत संचालित धान क्रय केन्द्रों का जायज़ा लेने के उद्देश्य से डीएम व एसपी ने कृषि उत्पादन मंडी समिति में संचालित धान क्रय एजेन्सी मार्केटिंग के 07, पीसीएफ और पीसीयू के 12-12, यूपीएसएस के 02, एफसीआई के केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने क्रय केन्द्रों पर खरीद के लिए ज़रूरी संसाधनों एवं बोरों की उपलब्धता एवं धान की आवक तथा भुगतान के बारे में जानकारी ली। साथ ही कृषकों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान धान क्रय केंद्र लखीमपुर प्रथम पर ग्राम मदारापुर के किसान राम खिलावन द्वारा लाये गये धान की खरीद की जा रही थी। डीएम ने किसान राम खिलावन से बातचीत करते हुए कहा कि अन्य किसानों को भी धान बेचने के लिए प्रोत्साहित करें। डीएम ने क्रय केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसानों से फ़ोन पर सम्पर्क कर क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए आग्रह करें। क्षेत्र के कृषकों के साथ निरन्तर सम्पर्क बनाये रखें, ताकि अधिक से अधिक धान की खरीद की जा सके। सभी क्रय केन्द्र धान खरीद हेतु शासन द्वारा भुगतान के सम्बन्ध में जारी 48 घण्टे की गाइडलाइन का कड़ाई के साथ अनुपालन करें। डीएम ने किसी भी क्रय केन्द्र पर किसानों के शोषण जैसी शिकायत के संज्ञान में आने पर क्रय केन्द्र प्रभारी के साथ-साथ जनपद के प्रभारी अधिकारी के विरूद्ध कार्रवाई करने की बात कही। उन्होेंने मंडी सचिव सुधांशु शेखर को मंडी आने वाले कृषकों को पराली को जलाने के बजाय उसका बेहतर एवं वैज्ञानिक विधि से प्रबन्धन करने हेतु जागरूक करने के लिए निर्देशित किया।
बाक्स-
केंद्र प्रभारी किसानों से वार्ता कर धान बेचने के लिए करें आग्रह: डीएम

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में धान खरीद से जुड़ी क्रय एजेंसियों की बैठक ली। कृषकों को क्रय केंद्रों पर धान विक्रय के लिए प्रोत्साहित करते हुए धान खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए। डीएम ने तहसीलवार खरीद सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की। गोला में सर्वाधिक पेंडेंसी पर एसडीएम रत्नाकर मिश्रा से पेंडेंसी का कारण जानते हुए यथाशीघ्र सत्यापन पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एडीएम स्वयं सत्यापन का प्रतिदिन रिव्यू करें। कहीं भी सत्यापन पेंडिंग ना रहे। उन्होंने एडीएम को निर्देश दिए कि सभी नोडल अधिकारी केंद्रों का सत्यापन करें और ये भी देखे कि केंद्र प्रभारी द्वारा किसानों से वार्ता की गई है या नहीं। सभी लेखपाल सचिव भी किसानों से आग्रह करें। सत्यापन हेतु यदि लम्बित पाया गया तो कठोर कार्यवाही होगी। कहा कि सभी उपजिलाधिकारी नियमित रूप से क्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर शासन की मंशानुरूप धान क्रय सुनिश्चित कराएं। किसी भी क्रय केन्द्र पर घटतौली व बारदाना एवं पैसों की समस्या न आने पाए। अन्यथा की स्थिति में धान खरीद प्रभावित हो सकती है। यदि ऐसा हुआ तो सम्बन्धितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी क्रय केन्द्र पर किसानों के शोषण की शिकायत को अत्यन्त गम्भीरता के साथ लिया जाएगा और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष पटेल, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता पीके शुक्ला सहित सभी क्रय एजेंसियों के जनपदीय प्रभारी शामिल हुए






