यातायात माह नवंबर के समापन कार्यक्रम में यातायात जागरूकता रैली का हुआ आयोजन
यातायात माह नवंबर के समापन कार्यक्रम में यातायात जागरूकता रैली का हुआ आयोज

यातायात माह नवंबर के समापन कार्यक्रम में यातायात जागरूकता रैली का हुआ आयोजन

लखीमपुर-खीरी। गुरूवार को पुलिस लाइन में ‘‘यातायात माह नवम्बर 2023’’ का समापन कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा व प्रभारी डीएम अनिल कुमार सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जनपद के अजमानी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत गाया। सनातन धर्म सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कालेज की छात्राओं ने मनमोहक बैण्ड धुन की प्रस्तुति की, जिसके उपरान्त लखनऊ पब्लिक स्कूल के बच्चों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने का संदेश देते हुए नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम में प्रतिभागी समस्त छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए यातायत नियमों के पालन करने से सम्बन्धित विस्तृतं जानकारी दी। यातायात माह के अन्तर्गत यातायात जागरूकता व प्रवर्तन के सन्दर्भ में यातायात पुलिस व जनपदीय पुलिस द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्यों हेतु एसपी व प्रभारी डीएम ने प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया। जनपदीय पुलिस से प्रवर्तन की कार्यवाही व कुशल संचालन में पसगवां थानाध्यक्ष दीपक राठौर प्रथम, थानाध्यक्ष खमरिया अजय राय द्वितीय, प्रभारी निरीक्षक फरधान बृजेश कुमार मौर्य तृतीय, प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदी अम्बर सिंह चतुर्थ एवं थानाध्यक्ष ईसानगर पंकज त्रिपाठी ने पंचम स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में यातायात पुलिस से मुख्य आरक्षी अनिल कुमार प्रथम, टीएसआई सुरेन्द्र पाल सिंह द्वितीय, टीएसआई महेन्द्र प्रताप तृतीय, टीएसआई हरमीत सिंह चतुर्थ व टीएसआई राकेश कुमार पंचम स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में ट्रैफिक वालेण्टियर जलपाल सिंह पॉली, आदर्श वर्मा, जेसी ग्रुप की महिलाएं, धर्मसभा इण्टर कालेज, स्वामी श्याम प्रकाश इण्टर कालेज, गाँधी इण्टर कालेज, राजकीय इण्टर कालेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, एनसीसी कैडेट्स, आर्मी स्टाफ, डायल 112 प्रभारी टीम व यातायात पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता रैली निकाली गयी। कार्यक्रम का संचालन मुख्य संचालक राममोहन गुप्ता व महिला आरक्षी प्रियंका ने किया। इस अवसर पर एसएसपी, नैपाल सिंह, सदर क्षेत्राधिकारी सन्दीप सिंह व एआरटीओ आलोक कुमार सिंह सहित गणमान्य नागरिकों को प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया।







