बाढ़ अपडेट : कारसेवा में पलिया नगर व्यापार मण्डल का भी रहा सराहनीय सहयोग
किसी भी समाजसेवी संस्था का कारसेवा में नहीं मिला सहयोग

बाढ़ अपडेट : कारसेवा में पलिया नगर व्यापार मण्डल का भी रहा सराहनीय सहयोग
– किसी भी समाजसेवी संस्था का कारसेवा में नहीं मिला सहयोग
(निर्जेश मिश्र “सम्पादक”)
पलियाकलां-खीरी। महंगापुर गुरुद्वारा कमेटी के सौजन्य से कारसेवा के तहत पलिया-भीरा मार्ग का कार्य आज पूरा हो गया है। कार्य पूरा होते ही बाइक और कार का आवागमन भी शुरू करा दिया गया है। आने-जाने का रास्ता सुलभ होते ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गयी। कारसेवा में पलिया नगर व्यापार मण्डल ने भी सहयोग प्रदान किया है। कारसेवा में लगे कारसेवकों एवं आने-जाने वालों के लिए गुरुद्वारा की ओर से लंगर सेवा भी प्रदान की गयी। इसके अलावा चाय नास्ता एवं ठंडे पानी की भी व्यवस्था की गयी। कारसेवा में लगभग पचास से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियों को लगाया गया और जेसीबी मशीन भी लगाई गयी। सिख समाज के 17 साल से साठ तक के कारसेवकों ने अपना-अपना योगदान दिया। सभी क्षेत्रवासियों ने गुरुद्वारा कमेटी का बहुत-बहुत आभार प्रकट किया।
बता दें कि पलिया नगर में तमाम समाजसेवी संस्थाएं हैं, लेकिन किसी ने भी इस पुनीत कार्य में सहयोग नहीं किया। और तो और इस कार्य में कोई जनप्रतिनिधि ने भी किसी प्रकार का सहयोग नहीं किया। कितनी शर्म की बात है कि सामाजिक कार्य में सोलह साल तक के बच्चों ने भी सेवा करने का अवसर नहीं गंवाया और तन-मन से कारसेवा में लगकर कार्य किया। फिलहाल पलिया नगर व्यापार मण्डल का सहयोग काफी सराहनीय रहा। व्यापार मण्डल की जितनी तारीफ करो कम है। यदि इसी तरह से अन्य संस्थाओं ने भी सहयोग किया होता तो कार्य पूरा होने में लाफी कम समय लगता।






