लखीमपुर खीरी : सशस्त्र सीमा बल ने महिला सुरक्षा पर चलाया जागरूकता अभियान
39वीं वाहिनी पलिया में 'कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न' विषय पर संवेदनशीलता सत्र आयोजित


पलिया कलां (लखीमपुर खीरी) कार्यस्थल पर महिला कार्मिकों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से 39वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB) पलिया द्वारा एक विशेष जागरूकता एवं संवेदनशीलता सत्र का आयोजन किया गया। डॉ. शालिनी परिहार, कमांडेंट (पशु चिकित्सक) की अध्यक्षता में आयोजित यह सत्र वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में न केवल स्थानीय वाहिनी, बल्कि सीमांत मुख्यालय रानीखेत, क्षेत्रक मुख्यालय पीलीभीत, 49वीं वाहिनी पीलीभीत तथा 57वीं वाहिनी सितारगंज के अधिकारियों व जवानों ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। सत्र में महिला बल कार्मिकों के साथ-साथ ‘संदीक्षा’ की सदस्याएं और हरिशंकर शिक्षण सेवा संस्थान (NGO) की प्रतिनिधि श्रीमती लक्ष्मी शर्मा भी मौजूद रहीं।

सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनी बारीकियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। यौन उत्पीड़न से जुड़े सख्त कानूनों की जानकारी। पीड़ित महिला किस प्रकार और कहाँ अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है।
आंतरिक शिकायत समिति (Internal Complaint Committee) की कार्यप्रणाली और उसकी महत्ता। अपने संबोधन में कमांडेंट डॉ. शालिनी परिहार ने जोर देते हुए कहा, “किसी भी संस्थान की प्रगति के लिए महिला कार्मिकों की गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि है। सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने कार्मिकों से अपील की कि वे किसी भी अनुचित घटना के विरुद्ध आवाज उठाएं और तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।





