लखीमपुर खीरी : भारी बारिश और बाढ़ से किसानों की फसलें तबाह, किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्य ने मुआवजा देने की मांग की
लखीमपुर खीरी: बाढ़ से फसलें जलमग्न, किसान कांग्रेस ने उठाई राहत की आवाज


भारी बारिश और बाढ़ से किसानों की फसलें तबाह, किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्य ने मुआवजा देने की मांग की
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश में पिछले 40 घंटों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण किसानों की खड़ी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। फसलों के इस भारी नुकसान को लेकर किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्य ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल राहत की मांग की है।
बृज मौर्य ने जिला प्रशासन, विशेषकर लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीमों को भेजकर फसल नुकसान का निष्पक्ष और पारदर्शी सर्वे कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार के नियमानुसार प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा और क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जानी चाहिए ताकि उन्हें राहत मिल सके।
पलिया विधानसभा क्षेत्र के कई गांव बुरी तरह प्रभावित:
किसान कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि पलिया विधानसभा क्षेत्र में शारदा और सुहेली नदियों के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। बारिश और नदियों के जलस्तर से नगला, मराौचा, श्रीनगर, आजाद नगर, बर्बाद नगर, पतवारा, धूसर, बिजौरिया, विष्णुपुर खाले, पुरवा चोरी, नौगवा, मझगई, गोला, निषाद नगर, परसौदा, बसंतापुर कला, बसंतापुर खुर्द, मलनिया, बेला कला, भगवंतपुर, कोठिया, त्रिलोकपुर तथा गोविंद नगर और डीएम कॉलोनी जैसे इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि इन क्षेत्रों में तत्काल राहत टीम भेजकर सर्वे कराया जाए और बदहाल स्थिति का सामना कर रहे किसानों को जल्द से जल्द सहायता प्रदान की जाए।





