लखीमपुर खीरी : नशा मुक्त भारत अभियान, शारदा नदी के किनारे कच्ची शराब की भट्ठी ध्वस्त, भारी मात्रा में लहन नष्ट
गोविंद नगर एरिया में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई सुतिया नाले के पार शारदा नदी की तरफ स्थित दुर्गम जंगली क्षेत्र में की गई


खजुरिया (उत्तर प्रदेश) मुख्यमंत्री के नशा मुक्त प्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिए सुरक्षा बल और पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। आज राघवपूरी 49वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल एसएसबी ‘डी’ समवाय और खजुरिया पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर अवैध शराब माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को 49वीं वाहिनी की इंटेलिजेंस विंग से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर दोपहर 16:37 बजे से शाम 17:50 बजे तक गोविंद नगर एरिया में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई सुतिया नाले के पार शारदा नदी की तरफ स्थित दुर्गम जंगली क्षेत्र में की गई। अभियान के दौरान टीम को झाड़ियों के बीच छिपाई गई एक कच्ची शराब बनाने वाली भट्ठी बरामद हुई। मौके पर भारी मात्रा में कच्ची शराब बनाने के लिए रखा गया कच्चा माल (लहन) और उपकरण पाए गए। सुरक्षा बल की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
’नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत कार्रवाई करते हुए टीम ने बरामद कच्चे पदार्थ और भट्ठी को मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस अभियान का नेतृत्व एसएसबी के निरीक्षक सुशील बागड़ी ने किया, जिसमें खजुरिया पुलिस चौकी के कर्मियों का विशेष सहयोग रहा।
49वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल एसएसबी निरीक्षक/सामान्य, ‘डी’ समवाय सुशील बागड़ी कहा की हमारा उद्देश्य क्षेत्र को पूरी तरह नशा मुक्त बनाना है। सीमावर्ती और नदी के तटीय इलाकों में अवैध गतिविधियों पर हमारी पैनी नजर है। आज की कार्रवाई एक सटीक सूचना का परिणाम थी। हालांकि माफिया अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, लेकिन हमने भारी मात्रा में लहन नष्ट कर उनके नेटवर्क को चोट पहुंचाई है। भविष्य में भी पुलिस के साथ मिलकर ऐसे अभियान जारी रहेंगे।





