लखीमपुर खीरी : डीआईजी (पशु चिकित्सा) डॉ. एस. सी. सुखदेव ने किया 39वीं वाहिनी एसएसबी का दौरा
अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्वानों के कल्याण और उनके स्वास्थ्य मानकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।


पलिया (खीरी) सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 39वीं वाहिनी, पलिया में बुधवार को बल मुख्यालय, नई दिल्ली से पधारे उप-महानिरीक्षक (पशु चिकित्सा) डॉ. एस. सी. सुखदेव द्वारा औपचारिक भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान वाहिनी के समस्त अधिकारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे। डीआईजी डॉ. सुखदेव ने वाहिनी में तैनात डॉग स्क्वॉड (श्वान दस्ते) का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया।

श्वानों का वर्तमान स्वास्थ्य एवं फिटनेस स्तर।
उनके रहने के स्थान (केनल) की स्वच्छता और रख-रखाव। प्रशिक्षण की गुणवत्ता और ड्यूटी के दौरान उनकी उपयोगिता। निरीक्षण के उपरांत, डॉ. सुखदेव ने वाहिनी द्वारा श्वानों की देखभाल हेतु अपनाई जा रही प्रक्रियाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित हैंडल्स और कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा की सुरक्षा व्यवस्था एवं ऑपरेशन्स में प्रशिक्षित श्वानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और निर्णायक होती है। इनकी कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए समय-समय पर चिकित्सीय परीक्षण, संतुलित आहार और निरंतर प्रशिक्षण अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्वानों के कल्याण और उनके स्वास्थ्य मानकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। भ्रमण के अंत में उन्होंने बल की कार्यकुशलता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।





