लखीमपुर खीरी : वाइब्रेंट विलेज गोविंद नगर और बाजारघाट में समन्वय बैठक संपन्न, ग्रामीणों ने उठाईं बुनियादी समस्याएं
वाइब्रेंट विलेज' योजना का हिस्सा है, इसलिए उनकी सभी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुँचाया जाएगा और जल्द से जल्द समाधान के प्रयास किए जाएंगे।


संपूर्णानगर (खीरी) सरकार की ‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना के तहत बृहस्पतिवार को गोविंद नगर और बाजारघाट के ग्रामीणों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक 49वी वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की ‘डी समवाय’ के कार्यक्षेत्र में निरीक्षक (सामान्य) सुशील के नेतृत्व में सुबह 09:00 बजे आयोजित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों की समस्याओं को समझना और सुरक्षा व विकास के मुद्दों पर चर्चा करना था।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने अपनी बुनियादी जरूरतों को पुरजोर तरीके से सामने रखा। गोविंद नगर के निवासियों ने क्षेत्र में एक समर्पित स्वास्थ्य केंद्र की मांग की, ताकि उन्हें इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। वहीं, बाजारघाट के ग्रामीणों ने कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यालय खोलने का अनुरोध किया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में उच्च विद्यालय होने से विशेष रूप से लड़कियों को शिक्षा प्राप्त करने में आसानी होगी और उन्हें लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
दोनों गांवों के नागरिकों ने एक साझा गंभीर समस्या की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। बाघ और तेंदुए का खतरा। ग्रामीणों ने बताया कि जंगली जानवरों के डर के साये में जीना मुश्किल हो रहा है और उन्होंने इसके उचित समाधान के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
बाजारघाट के ग्रामीणों ने कुछ अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक सुधारों की भी मांग की, आधार सेंटर दूर होने के कारण कई लोगों के कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। ग्रामीणों ने इसे पंचायत भवन में ही शिफ्ट करने का अनुरोध किया। साधन सहकारी समिति के माध्यम से उचित खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
यातायात को सुगम बनाने के लिए सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा गया।
निरीक्षक (सामान्य) सुशील ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनका गांव ‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना का हिस्सा है, इसलिए उनकी सभी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुँचाया जाएगा और जल्द से जल्द समाधान के प्रयास किए जाएंगे।





