
जल जीवन मिशन के तहत मनाया गया जल दीपोत्सव

सावधान इण्डिया न्यूज, लखीमपुर-खीरी। खीरी में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत “जल दीपोत्सव” कार्यक्रम आयोजित हुआ। मिशन के अन्तर्गत “हर घर नल-जल” लाभार्थी ग्रामों में स्थित ओवरहेट टैंक परिसर को दीपों से रोशन किया गया। अभियान के प्रति जागरूक करने हेतु बच्चों ने परिसर में आकर्षक रंगोली बनायी। ग्राम पंचायत मोतीपुर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिशासी अभियन्ता, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) वाईके नीरज ने की। जहां पर फाल्कन संस्था से जुडे लोगों ने ग्रामीणों को जागरूक करने हेतु मनमोहक लोकगीत गाए। स्थानीय लोगों को स्वच्छ जल की महत्ता बताने हेतु आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सन्देश दिया गया। अधिशासी अभियन्ता वाईके नीरज ने बताया कि जल जीवन मिशन से समस्त ग्रामीणों को पीने हेतु स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जायेगा, जिसके लिए पूरे जनपद में युद्धस्तर पर पानी की टंकी निर्माण एवं पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम को ग्राम प्रधान रामवती मौर्य ने दीप प्रज्वलन करने के साथ ग्रामवासियों को संबोधित किया।






