प्रभारी डीएम की अध्यक्षता में जनपदीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
जिला विज्ञान क्लब के तत्वावधान में हुअस कार्यक्रम, प्रदर्शनी में छात्रों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा

प्रभारी डीएम की अध्यक्षता में जनपदीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
जिला विज्ञान क्लब के तत्वावधान में हुअस कार्यक्रम, प्रदर्शनी में छात्रों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा

लखीमपुर-खीरी। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा विद्यार्थियों में विज्ञान के अति अभिरूचि लाने के उद्देश्य से जिला विज्ञान क्लब के तत्वावधान में सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इण्टर कॉलेज में जनपदीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ प्रदीप कुमार विसेन (वैज्ञानिक अधिकारी कृषि विज्ञान केंद्र) की उपस्थिति में हुआ। प्रतियोगिता में नवीन नवाचारी विषयों जैसे ड्रोन तकनीकी, रोबोटिक्स, नैनो तकनीक हाइड्रोजन फ्यूल, आर्टीफिशियल इन्टेलीजेन्स स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे विषय परिषद द्वारा निर्धारित किये गये। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि प्रभारी डीएम अनिल कुमार सिंह ने बाल वैज्ञानिकों को शुभाशीष देते हुये कहा कि आप भविष्य के आधार हो। उन्होंने सभी मॉडलों का अवलोकन किया और सभी बाल विज्ञानियों को विज्ञान के क्षेत्र में नित नवीन प्रयोग करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विज्ञान के मूलभूत सिद्धान्तों को अमल में लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान को रूचि के साथ पढ़ें और वैज्ञानिक सोच को विकसित करने का प्रयास करें। आसपास व दुनिया में हो रहे बदलाव विज्ञान की ही देन है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि सभी छात्र विज्ञान के क्षेत्र में बढ़ने के लिए तीन सवालों की खोज में लगे रहें कैसे, क्या और क्यों। विशिष्ट अतिथि ने सभी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुये कहा कि आप नवीन नवाचारों का प्रयोग करते रहें। निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. जेएन सेठ, अवकाश प्राप्त प्रोफेसर सत्येन्द्र पाल सिंह, युवराज दत्त महाविद्यालय के सहायक प्रोफेसर सुमित शुक्ला, खीरी डायट प्रवक्ता, सुरेश कुमार पटेल ने अपने नीर-क्षीर विवेक का परिचय देते हुये परिणाम घोषित किये। प्रतियोगिता में विशेष वर्मा प्रथम, शशांक शुक्ला द्वितीय, रूपक वर्मा तृतीय, स्थान पर रहे। लक्ष्य गुप्ता को सांत्वना पुरस्कार मिला। प्रथम पुरस्कार प्राप्त प्रतिभागी को 5000 रूपये, द्वितीय व तृतीय को क्रमशः 3000 व 2000 रूपये एवं सांत्वना पुरस्कार क्रमशः एक-एक हजार रुपये का पुरस्कार मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि ने प्रदान किया। प्रबंध समिति की सदस्या नूतन गुप्ता ने भी अपने पास से सभी विजयी प्रतिभागियों को नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ महेंद्र प्रताप सिंह व विशिष्ट अतिथि वैज्ञानिक प्रदीप कुमार बिसेन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या शिप्रा बाजपेई ने की। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ महेंद्र प्रताप सिंह ने जनपद के विभिन्न अंचलों से आए सभी प्रतिभागियों को शुभाशीष दिया। जनपदीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में जनपद से चयनित 15 सर्वश्रेष्ठ विज्ञान मॉडल मण्डल स्तर पर माह दिसंबर में लखनऊ में प्रतिभाग करेंगे। मण्डल से चयनित मॉडल राज्य स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ चयनित मॉडल को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा 50,000 रूपये का नकद पुरस्कार दिया जायेगा। जिला समन्वयक (विज्ञान क्लब) सुनील कुमार मिश्र ने बताया कि जनपदीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में वायरलेस द्वारा होस्मिशन, स्मार्ट लोक, सोलर ट्रेकिंग सिस्टम आर्टिफिशयल इन्टेलिजेन्स, हाइड्रोजन फ्यूल इलैकट्रिक व्हीकल, इलेक्डोप्लेटिंग चार्जिंग स्टेशन व ड्रोन तकनीकी आदि विषयों पर जनपद के विभिन्न अंचल से नवाचार मॉडल ने प्रतिभाग किया।






