जल्द ही हाइडिल का घेराव करेंगे आक्रोशित उपभोक्ता
विद्युत विभाग ने ओढ़ी बेशर्मी की चादर, मात्र सात घंटे ही मिल पा रही है बिजली की सप्लाई

जल्द ही हाइडिल का घेराव करेंगे आक्रोशित उपभोक्ता
– विद्युत विभाग ने ओढ़ी बेशर्मी की चादर, मात्र सात घंटे ही मिल पा रही है बिजली की सप्लाई

(निर्जेश मिश्र “सम्पादक”)
पूरनपुर तहसील के अन्तर्गत हरीपुर क्षेत्र की विद्युत सप्लाई बेपटरी हो चुकी है। यहां के कर्मचारी और अधिकारी इतने बेशर्म हो चुके हैं कि उन पर कोई फर्क ही नहीं पड़ता। 18 घंटे विद्युतापूर्ति कराने का आदेश होने के बाद भी क्षेत्र की जनता को मात्र 6 या 7 घंटे ही बिजली मिल पाती है, वह भी एक साथ नहीं बल्कि किश्तों में। विद्युत विभाग ने लोगों की रातों की नींद हराम कर रखी है। विभाग बिजली बिल वसूल करने में कोई कोताही नहीं करता। बीस-बीस मिनट और आधा-आधा घंटा मिलाकर विद्युत विभाग सप्लाई के 6-7 घंटे पूरे करता है। ऐसे में उपभोक्ताओं को बिल तो पूरा अदा करना पड़ता है, लेकिन बिजली की सुविधा नाममात्र को भी नहीं मिल पाती है। जिस कारण जनता की खून पसीने की कमाई हर महीने यूं ही फ्री में चली जाती है। इस समय भयंकर गर्मी में जनता का काफी बुरा हाल हो रहा है। विद्युत विभाग भी किसी लुटेरे से कम नहीं है, क्योंकि यह विभाग जनता से खुलेआम लूट कर रहा है। इसके अलावा भोली-भाली जनता को बेवकूफ बनाकर वोट लेने वाले जनप्रतिनिधि भी कानों में तेल डालकर एकदम अंजान बने बैठे हैं। नेताओं को भी जनता की समस्या से कोई लेना-देना नहीं। वह तो केवल वोट मांगने के समय लम्बे-लम्बे हवाई वादे करके अपने पक्ष में वोट कराकर निकल लेते हैं। उसके बाद पांच साल तक के लिए ऐसे गायब हो जाते हैं, जैसे गधे के सिर से सींग। कुल मिलाकर जनता में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ तो विद्युत उपभोक्ता एक वृहद आन्दोलन करके हाइडिल का घेराव करने पर विवश हो जाएंगे।





