
जहरीला पदार्थ खाने से महिला की मौत
– महिला के मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
पलियाकलां-खीरी। नगर की एक महिला ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। महिला के मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पलिया नगर के मोहल्ला कृष्णानगर निवासी गोविन्द गुप्ता की पत्नी प्रीती गुप्ता ने गुरूवार की रात अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर नगर के मोहल्ला बाजार प्रथत निवासी प्रीती गुप्ता के भाई पवन गुप्ता पुत्र आनन्दपाल गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि लगभग 21 वर्ष पूर्व उनकी बहन प्रीती गुप्ता की शादी पलिया नगर के मोहल्ला कृष्णानगर निवासी गोविन्द गुप्ता पुत्र सरजू प्रसाद गुप्ता के साथ हुई थी। शादी के कुछ वर्षों तक तो मामला ठीक-ठाक रहा। उसके बाद से गोविन्द गुप्ता, उनके पिता सरजू प्रसाद गुप्ता, माता ऊषा देवी गुप्ता व भाई दीप गुप्ता मेरी बहन को आए दिन प्रताड़ित करने लगे। बीते लगभग एक सप्ताह पूर्व उक्त लोगों ने मेरी बहन को मारापीटा भी था। इस पर प्रार्थी ने डायल 112 को फोन करके मदद भी ली थी। हालांकि मामला शान्त हो गया था, लेकिन दिनांक 23 नवम्बर 2023 की रात उक्त लोगों ने मेरी बहन को फिर से प्रताड़ित किया और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिससे मेरी बहन प्रीती गुप्ता की मौत हो गई। जब प्रार्थी को सूचना मिली तो अपने परिवार के साथ गोविन्द गुप्ता के घर पर गया। जहां उक्त लोगों ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज किया और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने पर प्रार्थी के पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी। उक्त लोगों की धमकियों से प्रार्थी व ¬प्रार्थी का परिवार काफी डरा हुआ है। पीड़ित ने उक्त लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।





