लखीमपुर खीरी : गौरीफंटा पुलिस ने 8.26 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ नेपाली युवक को पकड़ा
भारत से नेपाल ले जाते समय पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई


गौरीफंटा (खीरी), 15 अक्टूबर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरीफंटा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने एक युवक को 8.26 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ब्राउन शुगर भारत से नेपाल ले जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, कवच योजना के तहत भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 14 अक्टूबर को गौरीफंटा थाना पुलिस और एसएसबी की टीम संयुक्त रूप से चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नीरज विष्ट (28) पुत्र पदम सिंह विष्ट निवासी वार्ड नंबर छह, पाटन नगरपालिका, जिला बैतड़ी, नेपाल को संदिग्ध परिस्थितियों में रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पुड़ियों में क्रमशः 4.58 ग्राम और 3.68 ग्राम, कुल 8.26 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
मामले में गौरीफंटा थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 28/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/23 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी पलिया के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गौरीफंटा के नेतृत्व में की गई।
गौरीफंटा पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रमीत कुमार और कांस्टेबल अमन सिंह चौहान शामिल रहे। वहीं, एसएसबी की 39वीं वाहिनी की एफ कंपनी गौरीफंटा की ओर से सहायक कमांडेंट विवेक कुमार यादव, सहायक उपनिरीक्षक मंजीत सिंह, मुख्य आरक्षी कुंभार जालिंदर तथा आरक्षी रामप्रकाश, राजेश कुमार और मोतीलाल ने कार्रवाई में भाग लिया।
गौरीफंटा प्रभारी निरीक्षक ने बताया भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम लगातार चेकिंग कर रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”





