लखीमपुर खीरी : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा सख्त, एसएसबी और एपीएफ के बीच समन्वय बैठक संपन्न
मादक पदार्थों और मानव तस्करी जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए सतर्कता बढ़ाने और समय-समय पर ऐसी बैठकें आयोजित करने पर सहमति बनी


बसही (खीरी) भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (SSB) और नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (APF) के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
49वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट शेर सिंह चौधरी के निर्देशानुसार, यह बैठक बी कंपनी बसही के कंपनी कमांडर रामकुमार यादव के नेतृत्व में सीमा स्तंभ संख्या 769/21 (पुराना पिलर संख्या 200) के समीप संपन्न हुई। सीमा पर होने वाले अपराधों को रोकने के लिए दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच आपसी सहयोग और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर बल दिया गया। संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए सीमा पार आवाजाही करने वाले व्यक्तियों के पहचान पत्रों की कड़ाई से जांच करने का निर्णय लिया गया। मादक पदार्थों और मानव तस्करी जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए सतर्कता बढ़ाने और समय-समय पर ऐसी बैठकें आयोजित करने पर सहमति बनी। बैठक में नेपाल (APF) की ओर से प्रभारी विजय प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक दीपेन्द्र बुद्ध सहित हिमालय राणा, बलराम चौधरी व अन्य जवान मौजूद रहे। वहीं, भारत (SSB) की ओर से निरीक्षक रामकुमार यादव, रामाशीष कुमार मेहता, राजेश पिंटू, हरीश, हेमराज गुर्जर, हिमांशु और सुनील कुमार ने प्रतिभाग किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस बैठक में दोनों पक्षों ने सीमा क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक-दूसरे का सहयोग करने की प्रतिबद्धता दोहराई





