लखीमपुर खीरी : एसएसबी 39वीं वाहिनी में सैनिक सम्मेलन का आयोजन, जवानों को दिया निष्ठा और अनुशासन का मंत्र
युवाओं को सही दिशा देने के लिए सीमा क्षेत्रों में खेल-कूद कार्यक्रमों के आयोजन पर भी जोर दिया।


पलिया कलां (खीरी) 39वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के मुख्यालय पलिया में कमांडेंट रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी की अध्यक्षता में ‘सैनिक सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान बल के अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कमांडेंट ने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों पर विशेष बल दिया।
सम्मेलन की शुरुआत एसएसबी के शीर्षक गीत के साथ हुई। जवानों को संबोधित करते हुए कमांडेंट रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी ने सभी कार्मिकों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि सभी कार्मिक अपना सर्विस रिकॉर्ड अपडेट रखें।

अवकाश के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहें। सीमावर्ती क्षेत्रों में ग्रामीणों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखें। कमांडेंट ने जवानों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने फिट रहने के लिए नियमित पी.टी. और योगाभ्यास को दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा कैंप परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। साथ ही, युवाओं को सही दिशा देने के लिए सीमा क्षेत्रों में खेल-कूद कार्यक्रमों के आयोजन पर भी जोर दिया।

सम्मेलन के दौरान पारिवारिक मूल्यों पर चर्चा करते हुए जवानों को अपने परिवार से नियमित संवाद बनाए रखने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के अंत में मुख्य आरक्षी (सामान्य) पद के दो कार्मिकों की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति पर उन्हें विदाई दी गई। कमांडेंट ने उनकी सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर वाहिनी के समस्त अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं भारी संख्या में बल के जवान उपस्थित रहे।





