लखीमपुर खीरी : इंडो-नेपाल बॉर्डर पर SSB की बड़ी कार्रवाई, ₹104500 की नकदी के साथ भारतीय युवक गिरफ्तार
आरोपी ने यह रकम बड़ी चालाकी से अपने कपड़ों के भीतर छिपा रखी थी।


पलिया कलां/बसही (खीरी)। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 49वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की ‘बी’ कंपनी बसही की टीम ने चौकसी बरतते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसबी जवानों ने सीमा चौकी बसही के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को दबोचकर उसके पास से भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा बरामद की है। आरोपी नकदी को कपड़ों के अंदर छिपाकर अवैध रूप से नेपाल ले जाने की फिराक में था। जानकारी के अनुसार, सीमा स्तंभ संख्या 769/23 के पास एसएसबी के जवान नियमित ओपी (OP) चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक भारतीय नागरिक की गतिविधियां संदिग्ध पाकर उसे रोका गया। सघन तलाशी लेने पर उसके पास से ₹104500 (एक लाख चार हजार पांच सौ रुपये) बरामद हुए। आरोपी ने यह रकम बड़ी चालाकी से अपने कपड़ों के भीतर छिपा रखी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी कमांडर रामकुमार यादव तुरंत मौके पर पहुंचे। जब संदिग्ध से इतनी बड़ी राशि के स्रोत और उसके पास रखे होने के बारे में पूछताछ की गई, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। एसएसबी ने बरामद नकदी को विधिवत जब्त कर लिया है। पकड़े गए आरोपी और नकदी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय (कस्टम), पलिया के सुपुर्द कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सतर्कता और बढ़ा दी गई है। सीमा पर अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। कंपनी कमांडेड रामकुमार यादव





