लखीमपुर खीरी : पलिया मे पटाखेबाज बुलेट सवारों की अब खैर नहीं, भाजपा नेता रवि गुप्ता ने पुलिस प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
रवि गुप्ता ने कहा कि, हार्ट पेशेंट अचानक होने वाले तेज धमाकों से दिल के मरीजों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है।


पलिया कलां (खीरी) शहर की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए ‘पटाखे’ छोड़कर दहशत और शोर फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ भाजपा नेता रवि गुप्ता ने मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्र में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और इससे होने वाली परेशानियों को देखते हुए उन्होंने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मिलकर ठोस कार्रवाई की अपील की है। भाजपा नेता रवि गुप्ता ने पलिया कोतवाल पंकज त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी (CO) जितेंद्र सिंह परिहार से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें क्षेत्र की इस गंभीर समस्या से अवगत कराया। रवि गुप्ता ने बताया कि मॉडिफाइड बुलेट से निकलने वाली तेज आवाज न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह आम जनजीवन के लिए खतरा बन गई है। इस समस्या की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि, हार्ट पेशेंट अचानक होने वाले तेज धमाकों से दिल के मरीजों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। महिलाएं और छात्राएं, स्कूल जाने वाली बालिकाओं और राह चलती महिलाओं के पास अचानक पटाखे छोड़ने से वे डर जाती हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पूरा पलिया नगर इन अराजक तत्वों की हरकतों से त्रस्त है। रवि गुप्ता ने सिर्फ पुलिस प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज से भी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से अपील की है कि अपने बच्चों को वाहन देते समय विशेष ध्यान रखें कि वे उसका दुरुपयोग न करें। युवाओं को यातायात नियमों और सामाजिक मर्यादाओं के प्रति जागरूक करना हम सबकी जिम्मेदारी है।
पलियार थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज त्रिपाठी ने कहा की जल्द शुरू होगा अभियान
भाजपा नेता की इस सराहनीय पहल पर कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने सकारात्मक रुख अपनाया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि पुलिस जल्द ही ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ एक विशेष चेकिंग अभियान चलाएगी। साइलेंसर बदलवाकर शोर मचाने वाली गाड़ियों को न केवल सीज किया जाएगा, बल्कि उनके मालिकों पर भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।





