लखीमपुर खीरी : बंसीनगर प्राथमिक विद्यालय में गूँजी गौरैया की चहचहाहट, मनाया गया ‘विश्व गौरैया दिवस’
प्राथमिक विद्यालय बंसीनगर में 'विश्व गौरैया दिवस' का भव्य आयोजन किया गया।


पलिया कलां (खीरी) बंसीनगर पर्यावरण संरक्षण और विलुप्त हो रही गौरैया के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय बंसीनगर में ‘विश्व गौरैया दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बच्चों को प्रकृति से जुड़ने और नन्हे पक्षियों को बचाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पलिया रेंज के डिप्टी रेंजर शिवबाबू सरोज ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने चार्ट और पोस्टरों के माध्यम से गौरैया संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में धनीराम और नाजरून निशा (मोटीवेटर) ने बच्चों को पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने के सरल तरीके बताए। इस मौके पर वरिष्ठ रेंजर रमाकांत मिश्रा और वरिष्ठ दरोगा गरिमा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी रेंजर शिवबाबू सरोज ने कहा गौरैया हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का एक अभिन्न हिस्सा है जो आज शहरीकरण और बढ़ते प्रदूषण के कारण हमसे दूर होती जा रही है। हमें केवल आज के दिन ही नहीं, बल्कि हर दिन इन बेजुबान पक्षियों का ख्याल रखना चाहिए। अपने घरों की छतों या बालकनी में मिट्टी के बर्तनों में पानी और अनाज रखकर हम उन्हें नया जीवन दे सकते हैं। यदि आज की युवा पीढ़ी जागरूक होगी, तभी हम अपनी जैव विविधता को सुरक्षित रख पाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से धनीराम मोटीवेटर, नाजरून निशा मोटीवेटर, गरिमा (व0द0), रमाकांत मिश्रा (व0र0) एवं विद्यालय के शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





