लखीमपुर खीरी : दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है कांग्रेस, अजय राय
नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और प्रदेश अध्यक्ष की संवेदनाएं उन तक पहुंचाई


पलिया-खीरी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने पलिया विधानसभा के सुमेरनगर निवासी एवं पूर्व जिला महासचिव राम ज्ञान शर्मा के भाई नन्द लाल शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। नन्द लाल शर्मा की मृत्यु हाल ही में एक सड़क दुर्घटना के दौरान हो गई थी। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्या के माध्यम से पीड़ित परिवार को अपना लिखित शोक संदेश प्रेषित किया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजीव सिन्हा और यूथ कांग्रेस के आदिल खान भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और प्रदेश अध्यक्ष की संवेदनाएं उन तक पहुंचाई। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीड़ित परिवार से फोन पर वार्ता कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा
इस अत्यंत दुखद घड़ी में मैं और पूरी कांग्रेस पार्टी आपके साथ खड़ी है। आपका दुख मेरा निजी दुख है। परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी और इस लड़ाई को मजबूती से लड़ा जाएगा। परिजनों ने प्रदेश अध्यक्ष की संवेदनशीलता और पार्टी नेताओं के आगमन पर आभार व्यक्त किया। इस दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।





