लखीमपुर खीरी : अमर शहीद बादल मोहता की स्मृति में एसएसबी कैंप में गूंजे देशभक्ति के नारे, निकाली गई भव्य श्रद्धांजलि रैली
छात्र-छात्राओं द्वारा कैंप में पौधरोपण कर किया गया, जो शहीद की स्मृतियों को जीवंत रखने का एक प्रतीक था


बसही (खीरी) देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों के सम्मान में आज बसही की धरती देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। 49वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) के कमांडेंट शेर सिंह चौधरी के दिशा-निर्देशानुसार, बी कंपनी बसही द्वारा शहीद उप-निरीक्षक बादल मोहता के शहादत दिवस पर एक भव्य श्रद्धांजलि रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती शिशु बल विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं द्वारा बसही कैंप में पौधरोपण कर किया गया, जो शहीद की स्मृतियों को जीवंत रखने का एक प्रतीक था। इसके पश्चात बसही कैंप से एक प्रेरणादायक रैली निकाली गई, जो बसही मार्केट, प्रेम नगर, नौगांव से होते हुए भूदान गांव तक पहुँची।

रैली के दौरान छात्रों और जवानों द्वारा लगाए गए “शहीद बादल मोहता अमर रहें” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस आयोजन में नई पीढ़ी का उत्साह देखते ही बनता था। रैली में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के 45 छात्र-छात्राओं और 25 शिक्षकों ने भाग लिया।
रैली का नेतृत्व कैंप कमांडर गगनप्रीत ने किया। इस अवसर पर रवि सिंह, रणजीत सिंह, राजेंद्र सिंह, रामाशीष कुमार मेहता, राजेश जाट, दीपा सिंह, किरण कुमारी, सीमा यादव, सृष्टि चौधरी, उमा देवी, मंटू मेहंदी और राजा राम मीणा सहित एसएसबी के अनेक जवानों एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
उल्लेखनीय है कि उप-निरीक्षक बादल मोहता 9 मार्च 2022 को देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहीद के सर्वोच्च बलिदान को याद करना और युवाओं में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शहीद के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।





