केंद्रीय मंत्री ने 32 किसानों को सम्मानित करते हुए बढ़ाया मान
- केंद्रीय मंत्री ने एफपीओ को दी फार्म मशीनरी बैंक की सौगात

केंद्रीय मंत्री ने 32 किसानों को सम्मानित करते हुए बढ़ाया मान
– केंद्रीय मंत्री ने एफपीओ को दी फार्म मशीनरी बैंक की सौगात

लखीमपुर-खीरी। भूतपूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राजापुर मंडी समिति में किसान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह’’ में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र ‘‘टेनी’’ ने 32 अन्नदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर व शाल ओढ़ाते हुए सम्मानित किया। विभागीय अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किसानों के साथ लखनऊ लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग देखी और सुनी। केंद्रीय मंत्री ने मंडी परिसर में कृषि, उद्यान, गन्ना, पशुपालन और उनसे संबंधित विभिन्न सेक्टरों द्वारा लगाए स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने श्री अन्न जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी ने चौधरी चरण सिंह के कृतित्व, व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चौधरी साहब ने किसानों के जीवन में उत्थान और सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए जीवन भर संघर्ष किया। उनकी एक किसान नेता के रूप में देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में पहचान है। आज भी देश में सर्वमान्य किसान नेता की बात होती है तो उनका नाम आदर और सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने कहा कि पीएम के लिए देश में चार जातियां ही सबसे बड़ी जातियां है। नारी, युवा, किसान और हमारे गरीब परिवार। इन चार जातियों को सशक्त करने से ही देश सशक्त होने वाला है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में बुनियादी ढांचा को खड़ा करने के लिए सरकार की ओर से किए जाने वाले प्रयास बताए। उन्होंने किसानों को चौधरी चरण सिंह की जयंती और किसान दिवस की शुभकामनाएं दीं। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की आय को बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का पूरा जीवन किसानों के लिए समर्पित रहा है।
बाक्स-
केंद्रीय मंत्री ने दो एफपीओ को प्रदान की फार्म मशीनरी बैंक
केंद्रीय मंत्री ने जिले के जगदेवपुर फार्मर ऑर्गेनाइजेशन प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड मिड़ईपुरवा, भीरा बिजुआ और परमजीत फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड सहसपुर, बांसी व बिजुआ को एक-एक फॉर्म मशीनरी बैंक प्रदान की। इसमें सरकार की ओर से प्रत्येक फार्म मशीनरी बैंक (ट्रैक्टर, सुपर सीडर, पैडी स्ट्राचापर, रोटावेटर) की खरीद पर 12 लाख रुपए का अनुदान प्रदान किया। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कृषकों को धनराशि का चेक प्रदान किया। केला की खेती के लिए किसान ज्वाला सिंह ने प्रथम और बलबीर सिंह द्वितीय स्थान प्राप्त किया। संकर ब्याज की खेती में किसान गुरुदत्त सिंह ने प्रथम, उर्मिला देवी ने द्वितीय, टमाटर की खेती के लिए जमुना प्रसाद ने प्रथम, रामरतन ने द्वितीय, मसाला मिर्च की खेती के लिए मो. शोएब ने प्रथम और राजेश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं शीघ्रपेड़ी गन्ना के लिए किसान रामाधार और अनुज कुमार, हरजिंदर सिंह व जगतराम ने प्रथम एवं शीघ्र पौधा गन्ना में किसान सत्यनारायण, गुरविंदर सिंह, सत्येंद्र पाल सिंह व श्याम नारायण ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पशुपालन में मुर्रा भैंस पालन के लिए चंद्रशेखर ने प्रथम और राजकुमार यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गाय से 200 लीटर प्रतिदिन उत्पादन के लिए कमलजीत सिंह ने प्रथम, साहीवाल गाय से 57 लीटर प्रतिदिन उत्पादन के लिए लक्ष्मी नारायण ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बकरी पालन के लिए सरफुद्दीन प्रथम, शरीफ ने द्वितीय प्राप्त किया। मुर्गी पालन में राजकुमार ने प्रथम व रामप्रकाश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान सीवीओ डॉ सोमदेव सिंह चौहान, जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी, डीसीओ वेद प्रकाश सिंह, डीएचओ मृत्युंजय सिंह, पीपीओ सत्येंद्र सिंह, बीएसए सुभाष चंद्र, एसडीओ कृषि निखिल देव तिवारी, ईई विद्युत शैलेंद्र कुमार व केवीके जमुना बाद से डॉ विसेन और डॉ सुहैल मौजूद रहे।






