पलिया-भीरा मार्ग पर बन्द हुआ आवागमन
खननमाफियाओं को कोस रही पलिया की जनता

पलिया-भीरा मार्ग पर बन्द हुआ आवागमन
– खननमाफियाओं को कोस रही पलिया की जनता

(निर्जेश मिश्र “सम्पादक”)
सावधान इण्डिया न्यूज, लखीमपुर-खीरी। पलिया-भीरा नेशनल हाइवे 731 पर पानी का बहाव और तेज हो गया है। बुधवार से सभी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बन्द कर दिया गया है। पलिया क्षेत्र की जनता काफी परेशान है। खेतों में खड़ी किसानों की फसलें पूरी तरह से बरबाद हो चुकी है। यहां की जनता जाकिर नाई जैसे खनन माफियाओं को कोस रही है, जिन्होंने शारदा नदी के आस-पास के खेतों से खनन करके पलिया को पूरी तरह से तबाह कर दिया। इस बरबादी में पलिया विधानसभा के जनप्रतिनिधियों का भी पूरा-पूरा हाथ है। इसके बाद भी यहां की जनता ऐसे ही व्यक्तियों को अपना जनप्रतिनिधि चुनती है। जनहित में यदि कोई आवाज उठाता भी है तो उसके खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया जाता है। यहां के जनप्रतिनिधियों का एक सूत्रीय कार्यक्रम यही है कि जो हम कर रहे हैं उसे सहन करते जाइए, यदि आवाज उठाओगे तो सलाखों के पीछे जाओगे। इस डर से क्षेत्र की जनता कुछ भी बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। यदि यही खनन शारदा नदी से किया जाता तो आज क्षेत्र की यह दुर्दशा न होती। अभी कुछ दिन पूर्व सुनने में आया था कि खननमाफियाओं की जल्द ही जांच शुरू होकर उनके खिलाफ कार्रवाई होने वाली है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई सरकार द्वारा नहीं की गयी। सरकार को खननमाफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई करके क्षेत्र की जनता के हुए नुकसान का मुआवजा वसूल करना चाहिए। इसी तरह से यदि बाढ़ की समस्या लगातार बनी रही तो पलिया क्षेत्र की जनता यहां से पलायन करने पर विवश हो जाएगी। कहने का मतलब यदि ऐसा ही रहा तो एक दिन ऐसा आएगा जब शारदा नदी पलिया से होकर बहेगी और पूरा नगर बरबाद हो जाएगा। सरकार ने यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो पलिया नगर सहित पूरे क्षेत्र की जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।





