
खेत पर गये युवक को बाघ ने बनाया निवाला
– मौके पर पहुंची वन व पुलिस विभाग की टीम

(पंकज शुक्ला)
गोलागोकरननाथ-खीरी। थाना हैदराबाद क्षेत्र में गन्ने के खेत की रखवाली कर रहे ग्राम बेलवा निवासी राजेश कुमार ऊर्फ गुड्डू पुत्र प्यारे लाल पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बताया जाता है कि खेत की रखवाली कर रहा राजेश पड़ोस के बीरपाल वर्मा के लाही के खेत में सौच के लिए गया हुआ था। उसी समय बाघ ने पीछे से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी होते ही राजेश के दो छोटे भाई अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गये। सूचना होते ही हैदराबाद पुलिस व वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव विच्छेदन ग्रह भेज दिया है। वन विभाग की टीम कई टुकडो मे गांव के आसपास गस्त कर रही है। लोगों का कहना है कि अभी तक वन विभाग की तरफ से टाइगर को पकड़ने के लिए कोई उपाय नहीं किए गये हैं। जिस कारण टाइगर आसपास के गावों में आए दिन देखा जा रहा है। कई बार बाघ आवारा पशुओं को अपना निवाला भी बना चुका है। ग्रामीणो की शिकायत के बाद भी वन विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।







