प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों की ली बैठक, योजनाओं की जानी प्रगति
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों की ली बैठक, योजनाओं की जानी प्रगति

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों की ली बैठक, योजनाओं की जानी प्रगति

लखीमपुर-खीरी। प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने राज्य एवं केन्द्र सरकार की योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डीएम महेंद्र बहादुर सिंह व एसपी गणेश प्रसाद साहा ने प्रभारी मंत्री को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों एवं योजनाओं सहित अच्छे कामों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित होकर काम करें। जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ केंद्र व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओ को जरूरतमंदों तक पहुंचाएं। उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। नोडल अधिकारी एवं जनपदीय अधिकारी यह सुनिश्चित कराएं कि इस यात्रा का लाभ गांव-गांव के उन लाभार्थियों को अनिवार्य रूप से मिल जाए, जो पात्र होने के बावजूद भी जानकारी के अभाव में योजनाओं से वंचित हैं। प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, सीएम अभ्युदय योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, स्वच्छ भारत मिशन, निपुण भारत अभियान व मनरेगा, सहित तमाम योजनाओं की गहन समीक्षा की। विधायक अमन गिरी ने प्रभारी मंत्री के समक्ष जिले में दूसरा पोस्टमार्टम हाउस बनाए जाने की बात रखी। उन्होंने रहीमनगर गो आश्रय स्थल में विद्युत कनेक्शन में आ रही बाधा को दूर करने बात कही। इस पर उन्होंने विद्युत विभाग को तत्काल कनेक्शन देने के निर्देश दिए। विधायक मंजू त्यागी ने रुकुंदीपुर सहित अन्य एक्सीडेंट्स पॉइंट को ठीक करने की बात कही। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर ऐसे स्थानों को चिन्हित कर प्रभावी कार्यवाही करें। विधायक योगेश वर्मा ने बताया कि एलआरपी से महेवागंज तक चौड़ीकरण मार्ग प्रस्तावित है। मगर विद्युत विभाग द्वारा आरडीएसएस योजना में पुराने पोल के पास ही नए पोल लगा दिए गए, जबकि चौड़ीकरण में उन पोल को पुनः शिफ्ट करना होगा। इस पर उन्होंने विद्युत विभाग का पक्ष जाना। अधिकारियों ने बताया कि यह तथ्य प्रकाश में आते ही उस मार्ग पर काम रोक दिया गया है। प्रभारी मंत्री ने संबंधित जेई का स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया। विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत न करने का मुद्दा उठाया। इस पर प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा जलजीवन मिशन की शिकायतों के लिए तहसील स्तरीय टास्क फोर्स गठित की जाए। जो जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों का स्पॉट विजिट कर परीक्षण कर उनका निदान कराएंगी। अधिशासी अभियंता जल निगम को 31 जनवरी तक परियोजना से गांव तक के मुख्य मार्ग की मरम्मत कराने का अंतिम अवसर प्रदान किया। बैठक में विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, अमन गिरि, मंजू त्यागी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, अपना दल जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी गणेश प्रसाद साहा, डीएफओ संजय विश्वास, सोरिश सहाय, सीडीओ अनिल सिंह, एडीएम संजय सिंह, एएसपी नेपाल सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।






