दबंगों ने लाठी-डण्डों से की युवक की पिटाई, जिला अस्पताल रेफर
तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट

दबंगों ने लाठी-डण्डों से की युवक की पिटाई, जिला अस्पताल रेफर

(निर्जेश मिश्र “सम्पादक”)
सावधान इण्डिया न्यूज, कुछ दबंगों ने एक युवक की लाठी-डण्डों से पिटाई कर दी। मामले की तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। मामला पलिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टापरपुरवा बिजौरिया का है। गांव निवासी सुनील कुमार पुत्र रोशनलाल ने 20 अगस्त मंगलवार को गांव के ही आशीष कुमार पुत्र मानसिंह को गांव की ही एक दुकान पर कोल्डड्रिंक लेने के लिए भेजा। दुकान पर जाते समय गांव के ही नागेश पुत्र मुन्नालाल, मुन्नालाल पुत्र भरोसे व रुपेन्द्र पुत्र सिद्धनाथ ने रास्ते में उसे रोक लिया और उसका मोबाइल, मोटरसाइकिल व जेब में रखे पांच हजार रुपये छीन लिए। जब उसने घर आकर पूरी घटना बताई तो सुनील का भाई अजय प्रताप उक्त लोगों के घर गया। जहां उक्त लोगों ने अजय प्रताप पर लाठी डंडों से हमला करना शुरू कर दिया। जिससे उसके सिर पर गम्भीर चोटें आई। मामले की जानकारी होने पर सुनील ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 की सहायता से घायल को पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। घायल के भाई सुनील कुमार ने नागेश पुत्र मुन्नालाल, मुन्नालाल पुत्र भरोसे, रुपेन्द्र पुत्र सिद्धनाथ व छोटी देवी पत्नी मुन्नालाल के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पीड़ित द्वारा तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। जानकारी लेने पर हल्का दरोगा राजीव कुमार ने बताया कि पूरा मामला हमारे संज्ञान में है। लेकिन टापरपुरवा तक पहुंचने के लिए कोई सुगम रास्ता नहीं है। चारो तरफ पानी भरा हुआ है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच करके निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।





