लखीमपुर खीरी : संपूर्णनगर मे आंबेडकर जयंती को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न, आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील
जयंती के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा न डाली जाए और निर्धारित रूट का ही पालन किया जाए


संपूर्णनगर (खीरी) आगामी डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना संपूर्णनगर परिसर में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए संभ्रांत नागरिकों और ग्रामवासियों ने शिरकत की। बैठक के दौरान थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों और शोभायात्रा आयोजकों से संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जयंती के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा न डाली जाए और निर्धारित रूट का ही पालन किया जाए। उन्होंने अपील की कि महापुरुष की जयंती को हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने की बात कही। ग्रामवासियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। जुलूस वाले रास्तों पर बिजली के तारों और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में विभिन्न गांवों से आए ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने अपनी बातें रखीं और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि वे क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न कराएंगे। इस मौके पर थाने के अन्य उपनिरीक्षक, पुलिस कर्मी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





