
पेंशनर दिवस का आयोजन 17 को
लखीमपुर-खीरी। शासन के निर्देश पर पेंशन संबंधी समस्याओं के निस्तारण को हर वर्ष की तरह इस बार भी 17 दिसंबर को पेंशनर दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी विभागाध्यक्षों के साथ पेंशनर संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
वरिष्ठ कोषाधिकारी अमित कुमार राय ने बताया कि पेंशनर दिवस के उपलक्ष्य में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में 17 दिसम्बर रविवार को प्रातः 11ः30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में “पेंशनर दिवस“ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में पेंशनरों एवं पेंशनर्स संगठन के पदाधिकारियों को पेंशन से सम्बन्धित अपनी-अपनी समस्याओं को रखने एवं सुझाव देने का अवसर दिया जायेगा, जिनका निराकरण सम्बन्धित विभाग के कार्यालय अध्यक्षों द्वारा किया जायेगा। उन्होंने बताया कि पेंशनर्स की समस्याओं के निराकरण के लिए शासन ने पेंशनर दिवस मनाने के निर्देश दिए हैं। पेंशनर दिवस पर पेंशनर संगठनों के पदाधिकारी पेंशन संबंधी समस्याएं और पेंशन सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव देंगे। विभागाध्यक्ष एवं कार्यालय प्रमुख समस्याओं के निस्तारण में सहयोग करेंगे।






