आज होगा पलिया हवाई पट्टी का शुभारम्भ, तैयारियां पूरी
हवाई पट्टी की तैयारियों में दिखीं खामियां

आज होगा पलिया हवाई पट्टी का शुभारम्भ, तैयारियां पूरी
– दुधवा पर्यटन परिसर में आयोजित लखीमपुर महोत्सव का शुभारम्भ के साथ ही फीता काटकर हवाई पट्टी का शुभारम्भ करेंगे मंत्री अरूण सक्सेना व जयवीर सिंह


(निर्जेश मिश्र ‘‘सम्पादक’’)
पलियाकलां-खीरी। आज हवाई पट्टी का शुभारम्भ कर दिया जाएगा। दुधवा टाइगर रिजर्व में आयोजित होने वाले लखीमपुर महोत्सव का शुभारम्भ के साथ ही मंत्री जलवायु परिवर्तन विभाग (स्वतन्त्र प्रभार) अरूण सक्सेना व पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह फीता काटकर हवाई पट्टी का शुभारम्भ करेंगे। बता दें कि वर्ष 1196 में तत्कालीन राज्यपाल रोमेश भण्डारी द्वारा तहसील क्षेत्र के ग्राम मुंजहा स्थित हवाई पट्टी का उद्घाटन किया गया था। विगत वर्षों में सरकारों द्वारा अपेक्षित हवाई पट्टी पर कोई भी उड़ान संचालित नहीं हो सकी। वर्तमान में पर्यटन विभाग व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयास से कल (आज) 25 नवम्बर को आठ सीटों वाले विमान की सेवाएं पर्यटकों को उपलब्ध कराई जाएंगी। दोनों मन्त्रियों के संयुक्त करकमलों द्वारा शुभारम्भ होने वाली हवाई पट्टी का अवलोकन करने पर पूरी व्यवस्था चाक चौबंद दिखी। संभवना है कि आगे आने वाले समय में हवाई पट्टी पर उड़ाने होने से दूर दराज एवं विदेशों से आने वाले पर्यटक कम समय में दुधवा दर्शन का लाभ उठा सकेंगे।
हवाई पट्टी की तैयारियों में दिखीं खामियां


पलियाकलां-खीरी। एक ओर जहां हवाई पट्टी का कल (आज) शुभारम्भ होने वाला है, वहीं शुभारम्भ से पूर्व होने वाली तैयारियों में कई खामियां भी देखने को मिलीं। बता दें कि हवाई पट्टी की साफ-सफाई विगत लगभग 15 दिनों से चल रही है। इसके बाद भी हवाई पट््टी के रनवे के दोनों तरफ खड़ी घास को ठीक से साफ नहीं कराया गया है। इसके अलावा भवन की भी साफ-सफाई पूरी तरह से नहीं हो पाई। गेट के टूटे हैंडल को भी ठीक नहीं कराया गया है और टायलेट से लेकर परिसर तक में जगह-जगह गंदगी देखने को मिली। परिसर की साफ-सफाई में लगे सफाई कर्मी एक ओर जहां आराम फरमाते नजर आए, वहीं दूसरी ओर हवाई पट्टी को जाने वाले मार्ग के दोनों तरफ की साफ-सफाई भी पूरी तरह से नहीं हो सकी है। यहां पहुंचने वाले मंत्री जी यदि शुभारम्भ करने के साथ-साथ परिसर एवं भवन का भी निरीक्षण कर लें तो स्थानीय .प्रशासन की सारी लापरवाही सामने आ जाएगी।





