शीघ्र ही प्रारम्भ हो सकता है हवाई पट्टी का संचालन
लगभग पन्द्रह दिनों से चल रही है हवाई पट्टी की साफ-सफाई, क्षेत्रवासियों में दौड़ी खुशी की लहर

शीघ्र ही प्रारम्भ हो सकता है हवाई पट्टी का संचालन
– लगभग पन्द्रह दिनों से चल रही है हवाई पट्टी की साफ-सफाई, क्षेत्रवासियों में दौड़ी खुशी की लहर


(निर्जेश मिश्र ‘‘सम्पादक’’)
पलियाकलां-खीरी। हवाई पट्टी का शुभारम्भ शीघ्र ही हो सकता है। हवाई पट्टी की साफ-सफाई का कार्य बीते लगभग 15 दिनों से चल रहा है। तेजी से चल रही साफ-सफाई को देखने से प्रतीत होता है कि एक दो दिनों में ही हवाई पट्टी से उड़ान का श्री गणेश होने वाला है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 25 नवम्बर से हवाई पट्टी का शुभारभ हो जाएगा। एयरपोर्ट के शुभारम्भ की खबर होते ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
बता दें कि पलिया तहसील क्षेत्र के ग्राम मुंजहा में नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से करीब सवा सौ करोड़ की लागत से हवाई पट्टी का निर्माण कराया गया था, जिसका उद्घाटन वर्ष 1996 में तत्कालीन राज्यपाल रोमेश भंडारी के कर कमलों द्वारा हुआ था। उसके बाद से क्षेत्रीय जनता को लगा कि इस हवाई पट्टी से उड़ाने शुरू हो जाएगी। हालांकि कर्मचारियों की तैनाती भी हो गई, लेकिन उड़ानें शुरू नहीं हो सकीं। इस हवाई पट्टी के रनवे की लम्बाई 1753 मीटर और चौड़ाई 40 फिट है। सन 2018 में यहां तीन पायलटों की टीम ने निरीक्षण भी किया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 26 फरवरी 2021 को मुख्यमंत्री के सचिव सुरेंद्र सिंह उड्डयन विभाग के अधिकारियों के साथ यहां चार्टेड प्लेन से आए थे। सर्वे के साथ-साथ गुणवत्ता की जांच भी की गई थी, जिसके तहत हवाई पट्टी को चार्टेड प्लेन के लिए भी सही पाया गया था। इसके बाद भी यहां से उड़ान शुरू नहीं हो सकी थी। लोकसभा चुनाव के बाद यूपी सरकार की हुई पहली कैबिनेट बैठक में हवाई पट्टी को उड़ान के पंख लगने का रास्ता साफ हो गया था। कैबिनेट में इसके विस्तार को मंजूरी मिलने के बाद तय हुआ था कि हवाई पट्टी पर 72 सीटर विमान उतर सकेंगे। जल्द ही इसके लिए भूमि अधिग्रहण होगा। इसके बाद जिले में पहला एयरपोर्ट तैयार हो सकेगा। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद जिले में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाई पट्टी से घरेलू उड़ान शुरू कराने का आश्वासन दिया था। लम्बे समय के बाद अब एक फिर से जनता में खुशी की लहर दौड़ी है। बीते पन्द्रह दिनों से हवाई पट्टी की साफ-सफाई कराई जा रही है। रनवे के दोनों तरफ बड़ी-बड़ी घास खड़ी हुई थी। जिसे साफ कराया गया गया है, इसकी साफ-सफाई में 40 मजदूर लगाए गए हैं। इसके साथ ही भवन की भी साफ-सफाई तेजी से चल रही है, जिसे देखकर ऐसा लग रहा है कि एक दो दिनों में ही हवाई पट्टी का संचालन शुरू हो जाएगा। हालांकि मौके पर उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने इस सम्बन्ध में कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया। परन्तु मौके पर मौजूद कुछ लोगों से जानकारी मिली कि 25 नवम्बर से हवाई पट्टी का शुभारम्भ हो जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि लम्बे समय के बाद हवाई पट्टी का शुभारम्भ होने जा रहा है, हम लोगों के लिए बड़ी खुशी की बात है।





