22 जनवरी को श्रीपीठ से श्रीराम मन्दिर तक राम नाम संकीर्तन करेगी साधु संगत
22 जनवरी को श्रीपीठ से श्रीराम मन्दिर तक राम नाम संकीर्तन करेगी साधु संगत

श्रीपीठ से श्रीराम मन्दिर तक राम नाम संकीर्तन करेगी साधु संगत
– श्रीकुल सेवा संस्थान के महामंत्री कृष्ण कुमार दिवाकर संभालेंगे कार्यक्रम की कमान
पलियाकलां-खीरी।(निरजेश मिश्रा/विकास दीक्षित) श्रीराम मंदिर अयोध्या धाम में आगामी 22 जनवरी को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर पलिया क्षेत्र की ख्यातिप्राप्त श्रीपीठ पर प्रमुख आध्यात्मिक संस्था श्रीकुल सेवा संस्थान के तत्वाधान में लगभग दो दर्जन मंदिरों से श्रृंखलाबद्ध होकर भगवद संकीर्तन करने वाली साधु संगत प्रभु श्रीराम जी की शोभायात्रा को श्रीकुल आश्रम श्रीपीठ से आरम्भ होकर श्रीराम मन्दिर ठाकुर द्वारा पहुँचकर श्रीराम दरबार पर पहुंचकर सम्पन्न होगी,जिसके पश्चात श्रीपीठ पर अन्य धार्मिक आयोजन किये जाएंगे।
यह जानकारी देते हुए संस्थान के प्रवक्ता आदर्श अग्रवाल ने बताया कि श्रीकुल उपासक आचार्य गोविंद माधव मिश्र के मार्गदर्शन में श्रीकुल सेवा संस्थान के महामंत्री कृष्ण कुमार दिवाकर उर्फ गोपी भैया शोभायात्रा व संकीर्तन की व्यवस्थाओं को संभालेंगे। प्राणप्रतिष्ठा के सुअवसर पर श्रीपीठ को आकर्षक रंगोली, फूलमालाओं व विद्युत झालरों से सुसज्जितकर अगणित दीप प्रज्वलित किये जाएंगे एवं विभिन्न वाद्ययन्त्रों की मधुर ध्वनि के बीच श्रीरामचरितमानस पाठ, कीर्तन- भजन-पूजन, मंगलाआरती का आयोजन किया जायेगा। सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ संस्था के सभी सेवादार श्रंखलाबद्ध संकीर्तन करते हुये श्री पीठ से शिव मंदिर ककुपुरियान, दक्षिणमुखी हनुमान मन्दिर, शिव मंदिर रंगरेजान, दुर्गा माता मन्दिर पीपल चौराहा आदि लगभग दो दर्जन से अधिक मंदिरों से होते हुये भगवान श्रीराम की पूजा- आरती करेंगे। सायं बेला में सभी सनातनी अपने अपने घरों पर दीपोत्सव मनाते हुये आरती करेंगे। सनातनी बंधुओ को सहर्ष संदेश देते हुये श्रीकुल उपासक आचार्य गोविन्द माधव ने कहा कि हम सबके लिए इससे बड़ा और कौन सा पर्व हो सकता है कि बहुप्रतीक्षित करोड़ों आस्थावान हिंदुओं के मनसानुरूप भगवान श्रीरामलला की मूर्ति की स्थापना पवित्र अयोध्या धाम के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में होने जा रही है, यह हम सभी के लिये धर्म व आस्था के साथ साथ गौरव का विषय है।








