बजाज हिंदुस्थान चीनी मिल के नवीन पेराई सत्र का हुआ शुभारम्भ
गुरुवार को हवन-पूजन के उपरान्त घूमा चीनी मिल का चक्का

बजाज हिंदुस्थान चीनी मिल के नवीन पेराई सत्र का हुआ शुभारम्भ
– गुरुवार को हवन-पूजन के उपरान्त घूमा चीनी मिल का चक्का

पलियाकलां-खीरी। बजाज हिंदुस्थान शुगर के नवीन गन्ना पेराई सत्र 2023-24 का शुभारम्भ गुरुवार को कर दिया गया है। क्षेत्र के जाने माने आध्यात्मिक गुरू आचार्य रामेंद्र मोहन मिश्रा द्वारा वेदमंत्रों की उच्चारित ध्वनि के बीच विधिवत हवन पूजन के साथ मिल अधिकारियों एवं गणमान्य किसानों की स्नेहिल एवं उल्लाहसपूर्ण उपस्थिति में चीनी मिल उपाध्यक्ष ओपी चौहान के कर कमलों द्वारा नारियल फोड़कर डोंगे में गन्ना प्रविष्ट किया गया।
शुभारंभ के अवसर पर सर्वप्रथम गन्ना लाने वाले कृषकों को अंगवस्त्र भेंटकर माल्यार्पण एवं नगद उपहार देते हुये बैलगाड़ी के बैलों का पूजन व माल्यापर्ण करते हुए स्वागत सम्मान किया गया। शुभारम्भ के दौरान उपस्थित किसानों ने शुगर डिवीजन सहित बजाज ग्रुप के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुये शुभकामनायें दीं। इस अवसर पर मिल प्रबन्धन की ओर से महाप्रबंधक प्रशासन हरीश सिंह ज्याला, गन्ना महाप्रबंधक राजीव तोमर, महाप्रबंधक अभियांत्रिकी हरिपाल सिंह, महाप्रबंधक मानव संसाधन योगेंद्र पाल आर्य व वरिष्ठ वित्त प्रबंधक मनोज मिश्रा सहित गन्ना विकास समिति के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव सिंह, अरुण मौर्या, फरजंद अली बुन्दू मियाँ, बंकड़ सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख गुरुप्रीत सिंह ढिल्लन “जार्जी“, पूर्व पालिकाध्यक्ष महमूद हुसैन खान, वरिष्ठ किसान संजय अवस्थी, शशि शंकर शुक्ला, सरदार हरप्रीत सिंह “हैप्पी“, कमलजीत सिंह एवं हरविंदर सिंह “स्वीट“ सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य कृषक, उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह, तहसीलदार आरती यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद वर्मा आदि मौजूद रहे। बता दें कि मिल प्रबन्धन द्वारा अभी किसानों पूरा बकाया गन्ना भुगतान नहीं किया गया है। अभी चीनी पर किसानों का लगभग 187 करोड़ रुपया बकाया है।






