भारतीय अध्यात्म की अमूल्य धरोहर हैं मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम : भाटी
- पलिया नगर के श्री खाटू श्याम मन्दिर में हुआ अक्षत वितरण कार्यक्रम का आयोजन

भारतीय अध्यात्म की अमूल्य धरोहर हैं मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम : भाटी
– पलिया नगर के श्री खाटू श्याम मन्दिर में हुआ अक्षत वितरण कार्यक्रम का आयोजन

(निर्जेश मिश्र ‘‘सम्पादक’’)
लखीमपुर-खीरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सम्पर्क प्रमुख कृष्ण अवतार भाटी ने कहा कि मर्यादा पुरूपोषत्तम भगवान श्रीराम भारतीय संस्क्रति की अमूल्य धरोहर हैं। भगवान श्रीराम मानवीय व नैतिक मूल्यों के सृजक हैं। वह पलिया नगर के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर प्रांगण में आयोजित अक्षत वितरण कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे।
बता दें कि आने वाली 22 जनवरी को अयोध्या मन्दिर में मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का शुभ मुहूर्त सुनिश्चित हुआ है। इस भव्य कार्यक्रम के उपलक्ष्य में सोमवार को पलिया नगर के मोहल्ला किसान में स्थित प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम मन्दिर में अयोध्या से आए पूजित अक्षत के निमित्त श्रीश्याम मित्र मंडल के सानिध्य में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान खाटू श्याम के पूजन-अर्चन से हुआ। तदोपरान्त सभी को अयोध्या से आए पूजित अक्षत वितरित किये गये। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता श्री भाटी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि 1528 में मुगल आक्रांता बाबर के सेनापति मीर बाकी ने हमारे आराध्य के घर को उजाड़ दिया था। पांच सौ वर्ष के सतत संघर्ष के बाद भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा हमारे लिये गौरव की बात है। हमारे पूर्वजों ने अपने आराध्यों के पूजन स्थलों को उजड़ते देखा है। हम अपने आराध्य की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के साक्षी बनेंगे, यह हमारा परम सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि हम सभी आगामी 22 जनवरी को अपने-अपने घरों व पूजा स्थलों को सजाकर दीपावली जैसा उत्सव मनाएं, ताकि 22 जनवरी का दिन भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित हो सके। इस अवसर नगर कार्यवाह अभिषेक, सह नगर कार्यवाह पंकज गुप्ता, श्याम मित्र मंडल से दिनेश गर्ग, मनीष गर्ग एवं सीताराम गर्ग सहित बड़ी संख्या में नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व रहा।








