लखीमपुर खीरी : सशस्त्र सीमा बल ने गोविंद नगर में लगाया चिकित्सा शिविर, 106 ग्रामीणों का हुआ उपचार
शिविर में आए 106 महिला, पुरुष और बच्चों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।


संपूर्णानगर (खीरी) भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 49वीं वाहिनी द्वारा सामाजिक चेतना अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम गोविंद नगर के पंचायत भवन में एक दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 49वीं वाहिनी के कमांडेंट शेर सिंह चौधरी के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।
शिविर का संचालन डी कंपनी राघवपुरी के प्रभारी उप निरीक्षक मस्तराम की निगरानी में किया गया। इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खजुरिया के डॉ. उदयभान मौर्य और एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक (चिकित्सा) अजीत सिंह ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में आए 106 महिला, पुरुष और बच्चों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एसएसबी टीम के सहायक उप निरीक्षक (फार्मासिस्ट) वीर सिंह भाटी, सीनियर कांस्टेबल तेज प्रताप यादव और सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) प्यार चंद सहित डी कंपनी के अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीण स्तर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनू शर्मा, प्रहरबारी राजभर और वार्ड मेंबर मोहम्मद अली सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने एसएसबी के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में इस तरह के आयोजनों से आम जनता को काफी राहत मिलती है।





