कृषक समाज इंटर कॉलेज के शिक्षक को किया गया सम्मानित
कृषक समाज इंटर कॉलेज के शिक्षक को किया गया सम्मानित

कृषक समाज इंटर कॉलेज के शिक्षक को किया गया सम्मानित

गोलागोकर्णनाथ-खीरी। माध्यमिक शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर कृषक समाज इंटर कॉलेज के गणित अध्यापक देवेंद्र सिंह को यूपी दिवस के उपलक्ष्य में जीआईसी ग्राउंड लखीमपुर में आयोजित समारोह के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह व सदर विधायक योगेश वर्मा ने प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के उपरान्त विद्यालय पहुंचे देवेंद्र सिंह का विद्यालय के प्रबंधक, पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा व प्रधानाचार्य डॉ एलआर वर्मा ने मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया। प्रधानाचार्य ने बताया कि देवेंद्र सिंह का अध्यापन कार्य नवाचारी शिक्षण विधियां से ओतप्रोत है। यह विद्यालय में संपन्न होने वाली सहगामी गतिविधियों में एक कुशल संचालक के रूप में विद्यार्थियों का सहयोग करते हैं। इसके साथ ही विद्यालय के स्काउट प्रभारी शिक्षक भी हैं। इस बार हीरक जयंती समारोह में इन्हें विद्यालय की ओर से सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार भी दिया गया। जीव विज्ञान प्रवक्ता डॉ अनिल कुमार ने बताया कि देवेंद्र सिंह जनपद खीरी के राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक भी हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर से इंडियन साइंस कांग्रेस में जूनियर वर्ग में स्थान अर्जित कर जनपद का गौरव बढ़ाया था। वर्तमान वर्ष की मंडल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में शिक्षक संवर्ग में शिक्षक अधिगम सामग्री के लिए द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इस दौरान प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष नारायण लाल वर्मा, उप मंत्री विनोद चंद्र मिश्र, उप प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट एपी सरोज, ओम प्रकाश यादव एवं अरविंद कुमार यादव उपस्थित रहे।






