सौ वर्षों का परिश्रम देखना है तो शाखा आइये : राजकुमार
सम्पूर्ण विश्व को स्वीकार्य है सनातन धर्म : राजकुमार


लखीमपुर-खीरी। महामाया इंटर कॉलेज मोजमाबाद के प्रांगण में विशाल शाखा संगम का आयोजन हुआ।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खंड फूल बेहड़ द्वारा विशाल शाखा संगम में 19 शाखाएं और लगभग 210 स्वयंसेवक सम्मिलित हुए।
शाखा संगम में विभाग बौद्धिक शिक्षण प्रमुख राजकुमार ने उपस्थित स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में संघ का जो विशाल स्वरूप दिखाई दे रहा है, उसके पीछे संघ के अनेक कार्यकर्ताओं का परिश्रम और शक्ति छुपी हुई है। संघ की स्थापना के समय डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार ने हिन्दू समाज को संगठित करने के लिए दैनिक शाखा की अभिनव पद्धति का शुभारंभ किया, जिसे आज 99 वर्ष हो रहे हैं और सम्पूर्ण विश्व सनातन संस्कृति को आगे बढ़कर स्वीकार कर रहा है, उन्होंने कहा 100 वर्ष का संघ देखना है तो मैदान में आएं, संघ की लगने वाली शाखाओं में आकर देखें। आने वाले समय में देश के सामने अनेक चुनौतियां दिखाई दे रही हैं। हम सब स्वयंसेवक इन चुनौतियों का डटकर मुकाबला करते हुए भारत माता को परम वैभव पर ले जाने के लिए कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों ने समाज के प्रत्येक क्षेत्र में कार्य खड़ा करने के लिए अनेक संगठनों का निर्माण किया है। आज ये संगठन शिक्षा चिकित्सा, धार्मिक ज्ञान विज्ञान, सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संगठन के रूप में कार्य कर रहे हैं। संघ ने समाज में परिवर्तन लाने के लिए कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण सामाजिक समरसता, सामाजिक सद्भाव,गो सेवा और ग्राम विकास की अनेक गतिविधियों का निर्माण किया है, जिनके माध्यम से संघ के स्वयं सेवक समाज में परिवर्तन लाने के लिए अथक परिश्रम कर रहे हैं।
विभिन्न शाखाओं पर स्वयं सेवकों के द्वारा विभिन्न प्रकार के खेल व सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया गया। उपस्थित कार्यकर्ता हरिवंश जिला संपर्क प्रमुख, राजेंद्र खंड संघ चालक, संदीप खण्ड कार्यवाह फूलबेहड़ विनोद,सरोज चंदन,डॉक्टर अरुण शुक्ला,अभय, पवन कुमार,राजेश कुमार आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






