लखीमपुर खीरी : दुधवा मुख्यालय में मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती, वन्यजीव सप्ताह का हुआ आगाज
दुधवा टाइगर रिजर्व में महापुरुषों को नमन के साथ शुरू हुआ वन्यजीव सप्ताह


पलिया कलां खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग पलिया मुख्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। उपनिदेशक श्री जगदीश आर. के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में वन्य जीव प्रतिपालक महावीर सिंह, उपप्रभागीय वनाधिकारी बेलरायां दीपक कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों ने ध्वजारोहण कर दोनों महापुरुषों के चित्रों का अनावरण व माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान वक्ताओं ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के जीवन संघर्ष, देश सेवा और उनके जीवन मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके साथ ही 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक मनाए जाने वाले वन्यजीव सप्ताह का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वच्छ भारत अभियान और पॉलिथीन मुक्त पर्यावरण के तहत परिसर में सफाई अभियान चलाया।

वन्यजीव सप्ताह के शुभारंभ पर विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के लिए रूबिक क्यूब सॉल्वर, नॉकडाउन गेम और पिक एंड प्लेस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 8 अक्टूबर को वन्यजीव सप्ताह के समापन अवसर पर पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।
इस मौके पर स्टेनो रमेश कुमार, वरिष्ठ सहायक देवतादीन, प्रमोद कुमार मौर्य, सुशांत सिंह, आनंद सिंह बिष्ट, वन दरोगा उपेंद्र प्रकाश, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-भारत के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी रोहित रवि और आउटरीच प्रोग्राम इंचार्ज बिपिन सैनी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





