पलिया नगर सहित पूरे क्षेत्र में तेजी से संचालित हो रहे फर्जी अस्पताल
- बिना रजिस्ट्रेशन के धड़ल्ले से चल रहे क्लीनिक एवं पैथॉलोजी, स्वास्थ्य विभाग मौन

पलिया नगर सहित पूरे क्षेत्र में तेजी से संचालित हो रहे फर्जी अस्पताल
– बिना रजिस्ट्रेशन के धड़ल्ले से चल रहे क्लीनिक एवं पैथॉलोजी, स्वास्थ्य विभाग मौन

पलियाकलां-खीरी। नगर में सबसे अधिक घपलेबाजी कर रहे हैं तो वह हैं फर्जी अस्पतालों, क्लीनिकों एवं पैथॉलोजी के संचालक। तमाम अस्पताल, क्लीनिक एवं पैथॉलोजी यहां फर्जी तरीके से संचालित हो रहे हैं। जिस कारण आए दिन अस्पतालों में हादसे भी होते रहते हैं, लेकिन इसके बाद भी सम्बन्धित विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
बता दें कि खीरी जिले की पलिया तहसील एक ऐसी तहसील है, जहां फर्जी अस्पतालों की संख्या सबसे अधिक है। नगर की दुधवा रोड, निघासन रोड, भीरा रोड एवं सम्पूर्णानगर रोड से लेकर नगर के अन्दर तक तमाम अस्पताल ऐसे संचालित हो रहे हैं, जहां मरीजों के लिए न तो कोई सुविधाएं हैं और न ही अनुभवी चिकित्सक। ऐसे अस्पतालोें में अधिकांश मरीज इलाज कराते-कराते मौत के मुंह में चले जाते हैं। इसके अलावा तहसील क्षेत्र के मझगईं, नौगवां, सम्पूर्णानगर एवं थारू इलाके में भी तमाम फर्जी अस्तपाल संचालित हो रहे हैं। यहां भी कोई अनुभवी चिकित्सक नहीं है। अनुभवहीन चिकित्सक जनता से मोटी रकम वसूलते हैं। जनता का पैसा भी हद से ज्यादा खर्च हो जाता है और उनका मरीज भी ठीक नहीं हो पाता है। ऐसे में लोगों को जन और धन दोनों की हानि होती है। जनता के हितों को देखते हुए क्षेत्र में चल रहे फर्जी अस्पताल, क्लीनिक एवं पैथॉलोजियों के विरूद्ध स्वास्थ्य विभाग को एक अभियान चलाना चाहिए। जिसके तहत बिना रजिस्ट्रेशन वाले अस्पताल, क्लीनिक एवं पैथॉलोजी को सीज करते हुए अनुभवहीन चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।





