दस दिन बीत जाने के बाद भी पलिया पुलिस ने नहीं दर्ज किया मुकदमा
पूरनपुर विधायक से मिले मृतका प्रीति के परिजन, सुनाई आपबीती

दस दिन बीत जाने के बाद भी पलिया पुलिस ने नहीं दर्ज किया मुकदमा
– पूरनपुर विधायक से मिले मृतका प्रीति के परिजन, सुनाई आपबीती
– विधायक ने की लखीमपुर एसपी से बात, एसपी ने पलिया कोतवाल को दिया मुकदमा दर्ज करने का आदेश

(निर्जेश मिश्र “सम्पादक”)
पलियाकलां-खीरी। प्रीति गुप्ता के परिजन पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान से मिले। विधायक ने लखीमपुर एसपी से फोन पर वार्ता करते हुए पूरे मामले से अवगत कराया। एसपी ने पलिया प्रभारी निरीक्षक को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि बीते 23 नवम्बर को पलिया नगर की पटिहन रोड पर स्थित मोहल्ला कृष्णानगर निवासी गोविन्द गुप्ता पुत्र सरजू प्रसाद गुप्ता की पत्नी प्रीति गुप्ता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गयी थी। मृतका के भाई पवन गुप्ता पुत्र आनन्द गुप्ता ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर ससुरालियों पर अपनी बहन को जहर देकर मारने का आरोप लगाया था। पीड़ित पक्ष ने गोविन्द गुप्ता व दीप गुप्ता पुत्रगण सरजू प्रसाद गुप्ता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की थी। हालांकि अभी तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। आज (रविवार) को मृतका प्रीति गुप्ता के पिता आनन्दपाल गुप्ता ने पूरनपुर के भाजपा विधायक बाबूराम पासवान से मिलकर अपना दुखड़ा सुनाते हुए मदद की गुहार लगाई। विधायक ने एसपी खीरी से फोन पर वार्ता कर पूरे मामले से अवगत कराया। इस पर एसपी खीरी गणेश प्रसाद साहा ने पलिया प्रभारी निरीक्षक को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है, लेकिन आदेश देने के बाद भी अभी तक पलिया पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।





