बगैर मरमीशन विद्युत विभाग ने गिराए दो विशालकाय पेड़
- सरकार के “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ“ अभियान को पलीता लगा रहा पलिया का विद्युत विभाग

बगैर मरमीशन विद्युत विभाग ने गिराए दो विशालकाय पेड़
– सरकार के “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ“ अभियान को पलीता लगा रहा पलिया का विद्युत विभाग
पलियाकलां-खीरी। स्थानीय विद्युत विभाग ने बिना परमीशन लिए ही हाईडिल कालोनी में खड़े दो विशालकाय पेड़ कटवा दिए हैं। विभागीय सूत्रों से जानकारी प्राप्त हुई है कि पेड़ काटने की सूचना वन विभाग को दी गयी थी। सूचना पर पहुंचे वन विभाग ने पेड़ों का कटान रुकवा दिया था। उसके बाद मौका पाकर चोरी छिपे पेड़ काटकर गिरा दिए गये। जिनमें एक शीशम और दूसरा जामुन का पेड़ शामिल है। दोनों पेड़ विशालकाय हैं। एक ओर जहां सरकार पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ अभियान चलाकर वृक्षारोपण पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर धरा का भूषण कहे जाने वाले वृक्षों पर धड़ल्ले से आरा चलाया जा रहा है। कहीं लकड़कट्टे ठेकेदारों द्वारा तो कहीं सरकारी विभागों द्वारा। आए दिन हो रही हरियाली की विनाशलीला को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार अभी भी पर्यावरण बचाने के प्रति गम्भीर नहीं है। पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ अभियान चलाकर सिर्फ और सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। पेड़ काटने के मामले में जानकारी लेने के लिए एक्सईएन एवं एसडीओ को कई बार फोन लगाकर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया, परन्तु दो में किसी का फोन नहीं रिसीव हुआ। जिस कारण विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी। जेई शिवम सिंह से बात हुई तो उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व वन विभाग के कुछ कर्मचारी और रेंजर हाईडिल कालोनी आए थे। अब उनसे सीनियर अधिकारियों की क्या वार्ता हुई, इसके बारे में उन्हें पूरी जानकारी नहीं है। वहीं पलिया रेंजर विनय कुमार ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी। हमारा स्टॉफ मौके पर गया हुआ था। दोनों पेड़ों को सुरक्षित रखा गया है, जिनकी मूल्यांकन कार्यवाही की जाएगी।








