डीएम ने बैठक में क्रय एजेंसियों को दिए सख्त निर्देश
- किसानों से संवाद स्थापित कर धान बेचने के लिए आग्रह कर बढ़ाएं खरीद: डीएम

डीएम ने बैठक में क्रय एजेंसियों को दिए सख्त निर्देश
– किसानों से संवाद स्थापित कर धान बेचने के लिए आग्रह कर बढ़ाएं खरीद: डीएम

लखीमपुर-खीरी। सोमवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में नोडल अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों एवं धान खरीद एजेंसियों की बैठक ली। कृषकों को क्रय केंद्रों पर धान विक्रय के लिए प्रोत्साहित करते हुए धान खरीद बढ़ाने के निर्देश दिए।
डीएम ने तहसीलवार खरीद सत्यापन की प्रगति की समीक्षा करते हुए पेंडेंसी का कारण जाना। यथाशीघ्र सत्यापन पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एडीएम स्वयं सत्यापन का प्रतिदिन रिव्यू करें। कहीं भी सत्यापन पेंडिंग न रहे। अन्यथा संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। डीएम ने एडीएम संजय कुमार सिंह को निर्देश दिए कि सभी नोडल अधिकारी केंद्रों का सत्यापन करके ये देखे की केंद्र प्रभारी द्वारा किसानों से वार्ता की गई है या नहीं। सभी लेखपाल सचिव भी किसानों से आग्रह करें। सत्यापन हेतु यदि लम्बित पाया गया तो कठोर कार्यवाही होगी। डीएम ने कहा कि सभी उपजिलाधिकारी नियमित रूप से क्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर शासन की मंशानुरूप धान क्रय सुनिश्चित कराएं। किसी भी क्रय केन्द्र पर घटतौली, बोरो व पैसों की अनुपलब्धता अथवा व्यवस्थाओं की कमी के कारण धान खरीद प्रभावित नहीं होनी चाहिए। किसी भी क्रय केन्द्र पर किसानों के शोषण की शिकायत को अत्यन्त गम्भीरता के साथ लिया जाएगा। बैठक में जिले से नामित नोडल अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष पटेल व सहायक आयुक्त एवं निबंधक पीके शुक्ला सहित सभी क्रय एजेंसियों के जनपदीय प्रभारी शामिल हुए।







