नहीं लग पा रही पिपियों में पेट्रोल की बिक्री पर रोक
पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा जमकर उड़ाई जा रहीं नियमों की धज्जियां

नहीं लग पा रही पिपियों में पेट्रोल की बिक्री पर रोक
– पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा जमकर उड़ाई जा रहीं नियमों की धज्जियां

(निर्जेश मिश्र)
सावधान इण्डिया न्यूज, पलियाकलां-खीरी। पेट्रोल पंपों पर खुलेआम नियमों का मखौल उड़ाए जाने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।विस्फोटक निवारण अधिनियम के निर्देशानुसार प्लास्टिक की पिपियों और बोतलों में पेट्रोल देना कानूनी रूप से प्रतिबंधित है। जरीकेनों में पेट्रोल दिए जाने की वजह से इसका गलत इस्तेमाल भी किया जा रहा है। पेट्रोल पंपों पर कर्मचारी प्लास्टिक की पिपियों में पेट्रोल देते आसानी से नजर आ जाते हैं। लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर इस पर पाबंदी लगाना जरूरी भी है, लेकिन पंपों पर खुलेआम नियमों से खिलवाड़ किया जा रहा है। बिना आनाकानी किए बड़ी आसानी से पिपियों में पेट्रोल डाल दिया जाता है। पेट्रोलियम पदार्थ अत्यंत ज्वलनशील होता है। आसपास हल्की सी भी चिंगारी इस व्यवस्था पर भारी पड़ सकती है। इसके लिए सरकार ने सुरक्षा के नियम तय किए हैं, जिसका पालन सभी पेट्रोलियम कंपनी के पंपों पर अनिवार्य रूप से करना होता है। लेकिन पलिया नगर के कुछ पेट्रोल पंपों पर कर्मचारी इस नियम को ठेंगा दिखाकर पेट्रोल बेच रहे हैं। अपने इस कृत्य से स्वयं पंप परिसर में मौजूद लोगों की जान को खतरे में डाल रहे हैं। उपभोक्ता भी इसके लिए काफी हद तक जिम्मेदार है। पेट्रोल ज्वलनशील तरल पदार्थ है और हल्की सी चिंगारी मात्र मिलने से यह जल उठता है। इससे तीव्रता से आग फैलने लगती है। वहीं कुछ उपभोक्ता अपनी मजबूरी का हवाला देते हैं। कुछ लोग पेट्रोल पंप कर्मियों द्वारा डंडी मारने से बचने के लिए प्लास्टिक की बोतल इस्तेमाल करने की बात कहते हैं। क्षेत्र के छोटे दुकानदार बड़ी मात्रा में पेट्रोल खरीदकर ले जाते हैं और पेट्रोल की कालाबाजारी कर उसे बढ़ी हुई कीमत में बेचते हैं। इसके साथ ही आय अधिक प्राप्त करने के लिए पेट्रोल में मिलावट भी करते हैं। इसके बाद भी सम्बन्धित अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।






